लाइव सिटीज, पटना: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने एकीकृत 72वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगी परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है. प्रारंभिक परीक्षा 26 जुलाई को होगी. आयोग की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, यह परीक्षा सिंगल शिफ्ट में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक होगी. इसका आयोजन बिहार के सभी जिलों में किया जाएगा.
बीपीएससी के परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी नोटिस को आयोग ने अपने आधिकरिक सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया है. परीक्षा से जुड़ी अन्य जानकारियां जैसे कि एडमिट कार्ड और सेंटर वाइज जानकारी आयोग की ओर से समय आने पर अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी.
इससे पहले आयोग ने 19 जून को अपनी 70वीं प्रतियोगी परीक्षा के नतीजे घोषित किए थे. जिसमें रिकॉर्ड 2027 उम्मीदवारों का चयन किया गया है. यह आजादी के बाद से राज्य सेवा की किसी परीक्षा में चुने गए उम्मीदवारों की सबसे बड़ी संख्या है. इसमें उत्तर प्रदेश की श्रद्धा पांडेय ने टॉप किया था. परीक्षा में शशांक पांडे और अक्ष विजय ने क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया था. टॉप 100 रैंक में 45 महिलाएं हैं.
बिहार लोक सेवा आयोग की 72वीं परीक्षा में कड़ा मुकाबला होने वाला है. आयोग ने इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए 1230 पदों पर बहाली करने का फैसला किया है. इतनी बड़ी संख्या में वैकेंसी आने से प्रतियोगी परीक्षार्थियों में उत्साह देखा जा रहा है. सबसे खास बात है कि इसमें 359 वैकेंसी महिलाओं के लिए रिजर्व है.
