लाइव सिटीज, पटना: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव रूटीन हेल्थ चेकअप के लिए सिंगापुर पहुंच गए हैं. एयरपोर्ट पर उनकी बेटी रोहिणी आचार्या ने उनका स्वागत किया. लंबे समय बाद पिता से मुलाकात होते ही रोहिणी भावुक हो गईं और उन्हें गले लगा लिया. इस दौरान लालू यादव अपने साथ आम, लीची, लड्डू समेत कई घरेलू चीजें भी लेकर पहुंचे थे.
पिता के आगमन से खुश रोहिणी आचार्या ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो पोस्ट किया. वीडियो के साथ उन्होंने लिखा कि हमारे घर आज हमारे भगवान आए हैं. हमारी छोटी सी दुनिया में हमारे चारो धाम आए हैं. उनके चरणों की धूल ले लें हम हमारे कृपानिधान आए हैं.
लालू प्रसाद यादव का साल 2022 में सिंगापुर में किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था. उनकी बेटी रोहिणी आचार्या ने ही उन्हें अपनी किडनी दान की थी. ट्रांसप्लांट के बाद लालू समय-समय पर स्वास्थ्य जांच के लिए सिंगापुर जाते रहते हैं. इस बार भी वह नियमित मेडिकल चेकअप के लिए वहां पहुंचे हैं और फिलहाल रोहिणी के घर पर ही ठहरे हुए हैं.
