लाइव सिटीज, भागलपुर: भागलपुर और नवगछिया के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है. बिहार और झारखंड के बीच बेहतर कनेक्टिविटी के लिए नई फोरलेन सड़क बनाने की तैयारी तेज हो गई है. नवगछिया जीरोमाइल से लेकर चौधरीडीह तक फोरलेन सड़क निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है. यह सड़क बन रहे नए विक्रमशिला सेतु के समानांतर पुल से जुड़ जाएगी. इसके बनने के बाद भागलपुर और नवगछिया के बीच यात्रा काफी आसान और तेज हो जाएगी.
करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क तेतरी जीरोमाइल से शुरू होकर विक्रमशिला फोरलेन पुल के पास जुड़ेगी. इसके बाद यह सड़क भागलपुर के जीरोमाइल और गोपालपुर होते हुए चौधरीडीह के पास फोरलेन मार्ग से मिलेगी. इस परियोजना से झारखंड जाने वाले लोगों को भी काफी सुविधा मिलेगी. खास बात यह है कि चौधरीडीह से भलजोर तक फोरलेन सड़क की भी मंजूरी मिल गई है. इससे बाबा बासुकीनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा और आसान हो जाएगी.
परियोजना में कुछ बदलाव भी किए गए हैं. पहले जीरोमाइल के पास फ्लाईओवर बनाने की योजना थी, लेकिन अब वहां 14 मीटर चौड़ी सर्विस रोड बनाने का फैसला लिया गया है. वहीं गोपालपुर के पास फ्लाईओवर बनाया जाएगा. अधिकारियों के अनुसार, जीरोमाइल के पास भविष्य में अतिरिक्त फ्लाईओवर बनाने की संभावना भी देखी जा रही है.
