लाइव सिटीज, छपरा: सारण जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं. दाउदपुर थाना क्षेत्र में NH-531 पर शुक्रवार सुबह ट्रक और पिकअप की भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई
स्थानीय पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार करीब 6 बजे NH-531 पर हादसा हुआ. सभी लोग खैरा थाना क्षेत्र के खैरा बाजार स्थित जिया आर्केस्ट्रा से जुड़े कलाकार और कर्मी थे.
आर्केस्ट्रा की टीम सिवान जिले के चैनपुर में आयोजित एक वैवाहिक समारोह से कार्यक्रम खत्म कर पिकअप वाहन से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान दाउदपुर थाना क्षेत्र के बनवार ढाला के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से पिकअप की जोरदार टक्कर हो गई.
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 पुलिस टीम को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया
