लाइव सिटीज, पटना: बिहार में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदला हुआ है। राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण लोगों को गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन दूसरी ओर मौसम का यह बदला रूप कई जगहों पर परेशानी और खतरा भी बन गया है। मौसम विभाग ने राज्य के 15 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्णिया, दरभंगा, किशनगंज, अररिया, कटिहार, मधेपुरा, सुपौल, सहरसा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है। इन जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कई इलाकों में वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है।
पिछले 24 घंटों की बात करें तो बिहार में सामान्य से 182 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस अवधि में कई जिलों में भारी बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी पटना समेत राज्य के अधिकतर हिस्सों में सुबह से ही बादल छाए रहे और कई जगहों पर रुक-रुक कर बारिश होती रही। लगातार बदले मौसम के कारण किसानों की चिंता भी बढ़ गई है, क्योंकि खेतों में लगी फसल और सब्जियों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
