HomeBiharबिहार में चलती ऑटो में छेड़खानी, मौका मिलते ही कूद गई छात्रा

बिहार में चलती ऑटो में छेड़खानी, मौका मिलते ही कूद गई छात्रा

लाइव सिटीज, आरा: बिहार के भोजपुर जिले में चलती ऑटो के अंदर स्नातक की एक छात्रा के साथ छेड़खानी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना शनिवार की दोपहर आरा-सलेमपुर मार्ग पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महुली और बलुआ छलका के बीच हुई। आरोप है कि ऑटो चालक ने रास्ते में छात्रा के साथ अशोभनीय हरकत की। इससे घबराई छात्रा ने खुद को बचाने के लिए चलते ऑटो से छलांग लगा दी।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्रा स्नातक की पढ़ाई कर रही है। शनिवार को वह धोबहा बाजार स्थित एक कोचिंग संस्थान में कंप्यूटर की क्लास करने के बाद ऑटो से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान आरा-सलेमपुर मार्ग पर ऑटो जब महुली-बलुआ छलका के समीप पहुंचा, तो चालक ने कथित तौर पर उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी।

विरोध के बावजूद नहीं रुका चालक

छात्रा ने चालक की हरकत का विरोध किया। आरोप है कि इसके बावजूद चालक अपनी हरकत से बाज नहीं आया। स्थिति बिगड़ती देख छात्रा काफी डर गई और अपनी सुरक्षा के लिए उसने चलती ऑटो से सड़क पर छलांग लगा दी। सड़क पर गिरने के कारण छात्रा के सिर में हल्की चोट लगने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद छात्रा ने अपने परिवार के लोगों को पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना पुलिस तक पहुंचने के बाद तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।

पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक को दबोचा

घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। छात्रा से जानकारी लेने के बाद पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चालक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बखरिया गांव निवासी विजय कुमार चौरसिया उर्फ मस्तो के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपी के ऑटो को भी जब्त कर लिया है। छात्रा के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

घटना के बाद इलाके में चर्चा

दिनदहाड़े चलती ऑटो में छात्रा के साथ कथित छेड़खानी और उसके बाद छात्रा के चलते वाहन से कूदने की घटना से इलाके में लोगों के बीच चर्चा है। पुलिस अब घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और छात्रा के बयान तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

freefonnatic1971 on Home