लाइव सिटीज, गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज में बारिश के बाद निर्माणाधीन मकान की छत पर जमा पानी एक परिवार के लिए ऐसा हादसा लेकर आया, जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी. नगर थाना क्षेत्र के बंजारी ब्रह्मस्थान, वार्ड नंबर-12 में शनिवार को छत पर करंट लगने से पति-पत्नी की मौत हो गई. मृतकों की पहचान 55 वर्षीय संतोष साह और उनकी 50 वर्षीय पत्नी बसंती देवी के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि संतोष साह अपने निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल पर जमा बारिश का पानी निकालने गए थे. इसी दौरान वह बिजली के करंट की चपेट में आ गए. पति को परेशानी में देखकर बसंती देवी उन्हें बचाने के लिए दौड़ीं, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गईं
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोगों ने दोनों को वहां से निकालने की कोशिश की और आनन-फानन में ऑटो से इलाज के लिए मॉडल सदर अस्पताल पहुंचाया. हालांकि अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने संतोष साह और बसंती देवी, दोनों को मृत घोषित कर दिया.
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. दंपति की मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.
संतोष साह पेशे से आटा चक्की चलाते थे, जबकि बसंती देवी आशा कार्यकर्ता के रूप में काम करती थीं. दंपति का बेटा श्रीलंका में रहता है. माता-पिता की मौत की जानकारी मिलने के बाद वह घर के लिए रवाना हो गया है.
