लाइव सिटीज, शेखपुरा: शेखपुरा में गोलियों की गूंज सुनाई पड़ी है. इसमें दो लोगों की जान चली गई है. पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है. पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को हिरासत में भी लिया है.
सिरारी थाना क्षेत्र के अकौना गांव में थ्रेसर हटाने को लेकर विवाद हुआ. देखते ही देखते इसने विकराल रूप धारण कर लिया. घटना को लेकर गोलीबारी हुई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई है. सूचना मिलने के बाद आनन-फानन में एसपी बलिराम कुमार चौधरी, एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार सहित कई अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच करने में जुट गए.
बताया जाता है कि एक पक्ष के लोग थ्रेसर से गेहूं की दौनी कर रहे थे. पुरवा हवा के कारण थ्रेसर से निकलने वाला भूसा दूसरे पक्ष के घर में जा रहा था. इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष ने थ्रेसर हटाने को कहा, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और फिर भीषण गोलीबारी शुरू हो गई.
शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है. पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है, जिसे फॉरेंसिक जांच टीम ने जब्त कर लिया. एसपी बलिराम कुमार चौधरी ने कहा है कि दोनों पक्षों की ओर से गोलीबारी की घटना सामने आई है. जांच कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है.
