लाइव सिटीज, पटना: बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने लोकसभा में महिला आरक्षण बिल गिरने को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महिलाओं के प्रति संवेदनशील नहीं है, बल्कि चुनावी फायदे के लिए इस तरह के बिल लाती है. उन्होंने कहा कि यह लोग महिलाओं से पैर धुलवाते हैं.
तेजस्वी ने कहा कि यह पूरा मामला एक साजिश के तहत लाया गया था, क्योंकि सरकार को पहले से पता था कि उसके पास आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं है और बिल पास नहीं होगा.
तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे के जरिए महिलाओं के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश करेगी. तेजस्वी यादव ने दावा किया कि विपक्ष ने मजबूती से इस बिल का विरोध किया और सरकार की योजना को विफल कर दिया. साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले पांच राज्यों के चुनाव में जनता इसका जवाब देगी.
उन्होंने कहा कि सबसे बड़े महिला विरोधी लोग बीजेपी वाले खुद है. यही लोग लोक सभा में सीटों की संख्या बढ़ा कर साजिश के तहत इस बिल को लाना चाहते थे. यह बिल तो 2023 में ही पास हो गया था, जनता के नजर में यह सिर्फ धूल झोंकना चाहते थे.
