HomeBiharबिहार में डाक बम सेवा के दौरान भीषण सड़क हादसा, 3 की...

बिहार में डाक बम सेवा के दौरान भीषण सड़क हादसा, 3 की मौत

लाइव सिटीज, खगड़िया: खगड़िया में भीषण सड़क हादसा हुआ है. बैलदौर थाना क्षेत्र के एनएच-107 स्थित उसराहा पुल पर भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. जब दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीनों युवकों की मौके पर ही जान चली गई.

बताया जा रहा है कि घटना डाक बम सेवा के दौरान हुई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. मृतकों की पहचान पिपरा वासा निवासी काजो शर्मा (27), नीतीश कुमार (19) और नीरज कुमार (21) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, नीतीश कुमार (पिता- पंकज सिंह) बैलदौर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 14 का निवासी था. नीतीश खेती-बाड़ी का काम करता था.

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर बैलदौर थाना अध्यक्ष अजीत कुमार पहुंचे और घटना की जानकारी परिजनों को दी. बताया गया कि पिपरा वासा निवासी काजो शर्मा बाइक से उसराहा पुल पार कर अपने घर लौट रहा था. काजो मजदूरी करने के साथ टेंट लगाने का काम भी करते थे. इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई. दूसरी बाइक पर नीतीश कुमार और नीरज कुमार सवार थे. टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. कुछ ही देर में तीनों की मौत हो गई.

हादसे में तीन युवकों की मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. तीनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए रात में तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाने पर नियंत्रण की मांग की है. हादसे ने एक बार फिर एनएच-107 पर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments