लाइव सिटीज, पटना: बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए सोमवार से नामांकन शुरू हो गया है. आज ही भारतीय जनता पार्टी ने अपने 4 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है. पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा विधान पार्षद नवल किशोर यादव को फिर से प्रत्याशी बनाया गया है. अपनी उम्मीदवारी के बाद उन्होंने दावा किया है कि इस बार वह जीत का छक्का मारेंगे.
सोमवार को चुनावी दौरे के दौरान नवल किशोर यादव ने मसौढ़ी-धनरुआ प्रखंड अंतर्गत बृजलाल प्रसाद उच्च विद्यालय नदौल, उत्क्रमित उच्च विद्यालय यमुना स्मारक, रेवां हाई स्कूल, नदौल कॉलेज, सुशीला-सुजाता बीएड कॉलेज गोनपुरा में शिक्षकों से जनसंपर्क कर वोट की अपील की. इस दौरान उन्होंने अपनी जीत का दावा किया है.
नवल किशोर यादव लगातार 30 साल से पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जीत रहे हैं. वह पहली बार 1996 में जीते थे, फिर 2002, 2008, 2014 और 2020 में जीत दर्ज की. शुरुआत में आरजेडी, फिर निर्दलीय और बाद में लगातार दो बार से बीजेपी के टिकट पर जीते हैं. इस बार जीते तो नया रिकॉर्ड बनाएंंगे. उन्होंने बताया कि 5 अक्टूबर को नामांकन करेंगे.
वहीं, अपनी जीत को लेकर बीजेपी प्रत्याशी नवल किशोर यादव आश्वस्त हैं. उन्होंने कहा कि वह जीत का छक्का लगाने जा रहे हैं. इस बार बॉल बाउंड्री के पार नहीं, बल्कि पवेलियन में जाकर गिरेगी.उन्होंने कहा कि इस बार भी चुनाव जीतेंगे. इस बार छक्का मारेंगे और बॉल बाउंड्री के पार नहीं, पवेलियन में जाकर गिरेगा. कोई टक्कर में नहीं है. अपने कार्यकाल में मैंने शिक्षकों की आवाज उठाई. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मदद से लगातार उनके पक्ष में फैसले हो रहे हैं.
