HomeBiharगया में शिक्षक ने की बच्चे की बेरहमी से पिटाई, गंभीर हालत...

गया में शिक्षक ने की बच्चे की बेरहमी से पिटाई, गंभीर हालत में इलाज के दौरान मौत

लाइव सिटीज, गया: शिक्षक द्वारा बेरहमी से पीटे जाने के बाद 8 साल के बच्चे की मौत का मामला गया के वजीरगंज में सामने आया है. मृतक छात्र के दादा ने वजीरगंज थाने में आवेदन देकर संचालक पर हत्या का आरोप लगाया है. आरोप में कहा गया है कि वहां के शिक्षक ने उसके पोते विवेक कुमार की पिटाई की, और स्कूल से बाहर कर दिया. इसके बाद विद्यालय के बाहर कुछ दूरी पर वह अचेत हो गया और अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.

यह मामला वजीरगंज स्थित लिटिल लिडर्स पब्लिक स्कूल से जुड़ा है. दादा रामबालक प्रसाद का आरोप है कि पिटाई के बाद जब उनके पोते की हालत खराब हो गई तो स्कूल से बाहर कर उसे अकेले भेज दिया गया. रास्ते में वह बेहोश हो गया तो गांव उखड़ा का ही बंटी राजवंशी नाम के व्यक्ति ने उसे उठाकर घर पहुंचा दिया.

आरोप के अनुसार, इसके बाद बच्चे को थाना लेकर आये, लेकिन थानाध्यक्ष ने पहले इलाज कराने को कहा. इसके बाद उसे इलाज के लिये सीएचसी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे एएनएमसीएच के लिये रेफर कर दिया गया. गया ले जाने के दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई.

इसके बाद बच्चे का शव गांव पहुंचने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्यालय के सामने शव को रखकर मुख्य सड़क को जाम कर दिया. जिसके बाद पुलिस प्रशासन वहां पहुंचकर स्थानीय समाजसेवियों की सहायता से उन्हें समझा बुझाकर सड़क से आवागमन सामान्य किया. वहीं एक शिक्षक को हिरासत में लिया गया और पूछताछ की जा रही है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

freefonnatic1971 on Home