लाइव सिटीज, पटना: बिहार के बाहुबली नेता आनंद मोहन ने नीतीश कुमार और जदयू को लेकर बड़ा बयान देकर सियासी हलचल बढ़ा दी है. सीतामढ़ी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि जिस नेता ने जदयू को खड़ा किया, आज उसी को जिंदा ‘दफना’ दिया गया है. उन्हें पार्टी में दरकिनार किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अब पार्टी में नीतीश कुमार की तस्वीर तक कार्यक्रमों बैनर से गायब दिखाई देती है, जो गंभीर संकेत है.
आनंद मोहन ने इसे ‘थैली की पार्टी’ करार दिया. इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में नई बहस छिड़ गई है और जदयू के भीतर असंतोष की चर्चा तेज हो गई है. उनका यह बयान आने वाले समय में बिहार की राजनीति को और गरमा सकता है.
बाहुबली नेता पूर्व सांसद आनंद मोहन ने आगे कहा कि किसने इस षड्यंत्र को अंजाम दे दिया? मैं अंजाम की परवाह नहीं करता है. काम शेर करता है, अंजाम बुजदिल सोचता है. आनंद मोहन ने जदयू नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग नीतीश कुमार को घुमाने और भोजन कराने ले जाते हैं, वे आखिर यह सवाल क्यों नहीं करते कि पोस्टर और बैनर से नीतीश कुमार को क्यों गायब कर दिया गया.
उनसे जब पूछा गया कि उनके बेटे चेतन आनंद को मंत्री क्यों नहीं बनाया गया, तो उन्होंने कहा कि जदयू अब थैली की पार्टी हो गई है. नीतीश की मजबूरी का फायदा उठाकर थैली की राजनीति धड़ल्ले से की जा रही है. बता दें कि आनंद मोहन के बयान से सियासी पारा चढ़ गया है. जबकि उनकी पत्नी लवली आनंद शिवहर से जदयू सांसद हैं, बेटे चेतन आनंद औरंगाबाद के नवीनगर से जदयू विधायक हैं. बेटे को मंत्री नहीं बनाया गया है. इसको लेकर बाहुबली नेता आनंद मोहन में नाराजगी है.
