लाइव सिटीज, पटना: बिहार के मुजफ्फरपुर में रविवार शाम बाबा गरीबनाथ मंदिर जा रहे एक कांवड़िए की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि युवक जलाभिषेक के लिए मंदिर की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे निशाना बनाया और गोली मारकर फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक सूचना के अनुसार, सुबह किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसमें युवक को धमकी दिए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद जब वह जल लेकर बाबा गरीबनाथ धाम जा रहा था, तभी अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया।
