लाइव सिटीज, जमुई: जमुई सदर अस्पताल में एक प्रसूता की मौत के बाद अस्पताल की व्यवस्था और इलाज में कथित लापरवाही को लेकर बिहार सरकार की मंत्री और बीजेपी विधायक श्रेयसी सिंह का गुस्सा फूट पड़ा। अस्पताल के निरीक्षण के दौरान उन्हें कई तरह की अव्यवस्थाएं नजर आईं। इस दौरान डॉक्टर के अस्पताल में मौजूद नहीं होने की बात भी सामने आई, जिससे मंत्री काफी नाराज हो गईं।
मंत्री श्रेयसी सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों से जवाब मांगा। प्रसूता की मौत को लेकर उन्होंने इलाज में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही। मौके पर मौजूद अस्पताल कर्मियों को उन्होंने जमकर फटकार लगाई और व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान मंत्री का तेवर काफी सख्त नजर आया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को अधिकारियों के सामने ले जाने की बात कही। गुस्से में उन्होंने कहा कि सभी को डीएम के पास ले चलो और दोषी लोगों को गिरफ्तार किया जाए।
बताया जा रहा है कि प्रसूता की मौत के बाद परिजनों की ओर से इलाज में लापरवाही और डॉक्टर के अस्पताल में उपलब्ध नहीं होने को लेकर सवाल उठाए गए थे। इसी मामले की जानकारी मिलने के बाद मंत्री अस्पताल पहुंचीं और वहां की स्थिति का जायजा लिया।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि मरीजों के इलाज में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। अस्पताल में मंत्री के इस सख्त रुख के बाद वहां मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच भी हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।
