लाइव सिटीज, पटना: अनंत सिंह को सुप्रीम कोर्ट से झटका लगा है. उन्हें 1 दिसंबर से पहले सरेंडर करने का आदेश दिया गया है. वहीं तेजस्वी यादव ने तंज कसा है. तेजस्वी ने कहा कि अनंत सिंह और उनकी धर्मप्त्नी जब आरोप लगा रहे थे कि सरकार फंसा रही है. फिर हमारे यहां से गए तो सरकार अच्छी हो गई थी. अब क्या हो रहा है यह तो वही बताएंगे.
दरअसल, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली महागठबंधन की रैली से पहले केंद्र और बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने बिहार एमएलसी चुनाव के नतीजों, मतगणना में पारदर्शिता, बेरोजगारी, महंगाई और राज्य में बढ़ते अपराध को लेकर सरकार को घेरा. तेजस्वी ने एमएलसी चुनाव में मिली जीत के लिए मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया.
तेजस्वी यादव ने कहा कि एमएलसी चुनाव में जिन बुद्धिजीवियों, शिक्षकों, छात्रों, नौजवानों और मतदाताओं ने उन्हें समर्थन दिया है, उन सभी का वह धन्यवाद करते हैं. उन्होंने कहा कि चुनाव में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूरी सजगता के साथ काम किया. मतगणना केंद्रों पर मौजूद कार्यकर्ताओं की सक्रियता की वजह से कथित तौर पर वोटों की हेराफेरी की कोशिश सफल नहीं हो सकी.
एमएलसी चुनाव के नतीजों को लेकर तेजस्वी यादव ने बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग को फिर से उठाया. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बैलेट पेपर से चुनाव में देरी तो होती है, लेकिन जहां आरजेडी जीत रही थी, वहां कुछ ज्यादा ही देरी हो रही थी. उन्होंने आरोप लगाया कि मतगणना के दौरान साजिश की कोशिश की जा रही थी, लेकिन उनके कार्यकर्ताओं की सजगता के कारण ऐसा नहीं हो सका.
तेजस्वी यादव ने एमएलसी चुनाव की मतगणना प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि जिस केंद्र पर मतगणना हो रही थी, वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं थे. ऐसे में पारदर्शिता को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है. उन्होंने कहा कि चुनाव जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में हर स्तर पर पारदर्शिता होनी चाहिए, ताकि किसी तरह की आशंका की गुंजाइश नहीं रहे.
