लाइव सिटीज , सीवान : सिवान जिले में दुर्गापूजा के बाद आयोजित नाटक के दौरान अचानक हादसा हो गया। बड़हरिया थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में नाटक के एक दृश्य के दौरान आग वाला गुब्बारा फट गया। इससे निकला केमिकल वहां मौजूद दर्शकों पर गिर गया, जिससे 12 लोग झुलस गए। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, रसूलपुर गांव में दुर्गापूजा के बाद नाटक का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे थे। नाटक में आग से जुड़ा दृश्य दिखाया जा रहा था।इसी दौरान आग वाला गुब्बारा अचानक फट गया। गुब्बारे में मौजूद केमिकल युक्त पदार्थ आसपास बैठे दर्शकों पर जा गिरा।
गुब्बारा फटने के बाद वहां मौजूद 12 लोग झुलस गए। अचानक हुई इस घटना से कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया।मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। हादसे के बाद नाटक स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
