HomeBiharबिहार के बेगूसराय में भीषण हादसा: थार की टक्कर से पिता-पुत्र समेत...

बिहार के बेगूसराय में भीषण हादसा: थार की टक्कर से पिता-पुत्र समेत तीन की मौत, चालक फरार; 10 मीटर तक घसीटता रहा

लाइव सिटीज, बेगूसराय: बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में मंगलवार को भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग 333बी पर मुंगेर पुल से पहले टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार महिंद्रा थार और बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार पिता, उनके सात वर्षीय बेटे और एक महिला की जान चली गई। दुर्घटना के बाद थार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतकों की पहचान हीरा टोल गांव के वार्ड संख्या तीन निवासी संतोष यादव उर्फ सत्तन (43), उनके सात वर्षीय पुत्र आयुष कुमार और डंडारी निवासी गंगाराम यादव की पत्नी सुलेखा देवी (40) के रूप में हुई है। संतोष यादव, स्वर्गीय राजेंद्र यादव के पुत्र थे। सुलेखा देवी रिश्ते में उनकी सरहज थीं।

जानकारी के अनुसार, संतोष यादव अपने बेटे आयुष कुमार और सुलेखा देवी के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर मुंगेर स्थित दुर्गा मंदिर में दर्शन-पूजन करने गए थे। पूजा-अर्चना के बाद तीनों घर लौट रहे थे। इसी दौरान टोल प्लाजा से करीब 200 मीटर दक्षिण सामने से तेज रफ्तार में आ रही महिंद्रा थार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक थार के अगले हिस्से के नीचे जा घुसी। इसके बावजूद वाहन नहीं रुका और बाइक को करीब 10 मीटर तक घसीटता चला गया। टक्कर के बाद बाइक सवार तीनों लोग उछलकर सड़क पर अलग-अलग स्थानों पर जा गिरे। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सुलेखा देवी का शव घटनास्थल से करीब 20 मीटर दूर एक घर की एस्बेस्टस की छत पर जा गिरा। वहीं, संतोष यादव और उनके बेटे आयुष के शव सड़क के अलग-अलग हिस्सों में मिले।

दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक थार चालक वाहन छोड़कर फरार हो चुका था। हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई और जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखा गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

freefonnatic1971 on Home