HomeTrendingपटना समेत 14 जिलों के तापमान में वृद्धि, कुछ दिनों में छायेगा...

पटना समेत 14 जिलों के तापमान में वृद्धि, कुछ दिनों में छायेगा घना कोहरा

लाइव सिटीज, सेंट्रल डेस्क: पर्वतीय प्रदेशों से आ रही ठंडी और शुष्क हवा के कारण प्रदेश के तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान पारे में दो से तीन डिग्री और गिरावट होने के आसार हैं। इससे ठंड में वृद्धि होगी। वर्तमान में दिन और रात के तापमान में काफी अंतर देखा जा रहा है। इससे लोगों के स्‍वास्‍थ्‍य पर असर पड़ रहा है। मौसमी बीमारियों से लोग प्रभावित हो रहे हैं। 

शुक्रवार को गया समेत प्रदेश के सारण, रोहतास, नवादा, शेखपुरा, बांका, फारबिसगंज जिले के न्यूनतम तापमान में आंशिक गिरावट आई है। वहीं राजधानी समेत प्रदेश के औरंगबाद, वाल्मीकि नगर, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, सुपौल, समस्तीपुर, बेगूसराय, सहरसा, खगड़िया, भागलपुर, अररिया, पूर्णिया, कटिहार जिले के न्यूनतम तापमान में आंशिक वृद्धि दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार शुक्रवार को गया जिले के न्यूनतम तापमान में सामान्य से दो डिग्री की गिरावट के साथ 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। गया प्रदेश का सबसे ठंडा शहर दर्ज किया गया। यह इस माह में गया जिले का सबसे कम तापमान रहा। वहीं राजधानी का न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी की मानें तो प्रदेश में पछुआ हवा का प्रवाह बने होने के कारण अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं एक हफ्ते बाद प्रदेश में कोहरे की सघनता बढ़ने की संभावना है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments