लाइव सिटीज, पटना: बिहार में यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर जारी होने वाले ई-चालान के भुगतान की प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में परिवहन विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है. अब वाहन मालिक गूगल पे, फोन पे, पेटीएम, इंटरनेट बैंकिंग सहित अपनी पसंद के डिजिटल पेमेंट एप के माध्यम से ट्रैफिक चालान की राशि जमा कर सकेंगे. इसके लिए भारत बिल पेमेंट सिस्टम ( बीबीपीएस) प्लेटफॉर्म विकसित किया गया है
परिवहन विभाग में बीबीपीएस (भारत बिल पेमेंट सिस्टम) प्लेटफॉर्म का डेमोस्ट्रेशन किया गया. इस दौरान निर्धारित समय सीमा के अंदर लाइव करने तथा डिजिटल भुगतान सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. इस प्लेटफॉर्म को परिवहन विभाग की डिजिटल भुगतान व्यवस्था से जोड़ने के लिए एनआईसी के माध्यम से एपीआई इंटीग्रेशन का कार्य पूरा कर लिया गया है.
इस दौरान भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि प्लेटफॉर्म की टेस्टिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है. इसे आगामी 16 नवंबर से लाइव करने की योजना है प्लेटफॉर्म के लाइव होने के बाद वाहन चालक गूगल पे, फोन पे, पेटीएम सहित विभिन्न डिजिटल पेमेंट एप के माध्यम से अपने ट्रैफिक चालान का भुगतान कर सकेंगे
परिवहन सचिव राज कुमार ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता परिवहन सेवाओं को तकनीक आधारित, पारदर्शी और आम नागरिकों के लिए अधिक सुलभ बनाना है. भारत बिल पेमेंट सिस्टम के माध्यम से ट्रैफिक चालान भुगतान की सुविधा शुरू होने से वाहन मालिकों को काफी सहूलियत होगी.
अब उन्हें चालान जमा करने के लिए किसी कार्यालय या निर्धारित पोर्टल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, बल्कि गूगल पे, फोन पे, पेटीएम जैसे अपने पसंदीदा डिजिटल पेमेंट एप के माध्यम से घर बैठे भुगतान करने की सुविधा मिलेगी. हमारा लक्ष्य है कि परिवहन विभाग की अधिक से अधिक सेवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़कर नागरिकों को सरल, त्वरित और पारदर्शी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाये.
