HomeBiharतेज रफ्तार ट्रक ने बस को मारी जोरदार टक्कर, 3 लोगों की...

तेज रफ्तार ट्रक ने बस को मारी जोरदार टक्कर, 3 लोगों की मौत, 35 से ज्यादा घायल…12 की हालत गंभीर

लाइव सिटीज, रांची: झारखंड के रांची जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। जहां बस और ट्रक की आपस में जोरदार टक्कर हो गई है, जिसमें 35 से 40 लोग घायल हुए हैं जबकि 3 की मौके पर मौत हो गई है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां ट्रक ड्राइवर समेत 12 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मामला जिले के तुपुदाना स्थित रिंग रोड का है। बताया जा रहा है कि यात्रियों से भरी बस रांची से तपकरा जा रही थी। इस दौरान बस जैसे ही डुमरी चौक से मुड़ी तो तेज रफ्तार आ रहे ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोर से बजी कि बस के दरवाजे के परखच्चे उड़ गए। यहां तक कि बस की सीट भी अपनी जगह से दूसरी तरफ खिसक गई। उधर, जोरदार टक्कर से ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रक ड्राइवर को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया था। वहीं, एक मृतक की पहचान हो गई है। मृतक का कोमल भुइयां बताया गया है। वह भारतीय सेना का पूर्व सैनिक था।

इस मामले में हटिया डीएसपी ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया है। कुछ लोगों की स्थिति नाजुक है। बहरहाल सड़क हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही बताई जा रही है। ऐसे में जरूरी है कि इसे लेकर प्रशासन भी गंभीर हो। डीएसपी राजा मित्रा ने बताया कि जब पुलिस घटना स्थल पर पहुंची तो एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं थी। पुलिस ने कोई देरी नहीं की और मौके पर ऑटो और अन्य जो भी वाहन मिले सभी से घायलों को अस्पताल भेजा। समय पर घायलों को अस्पताल भेजने की वजह से कई यात्रियों की जान बच गई।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

bracunrenra1985 on Home
freefonnatic1971 on Home