HomeBiharचिराग पासवान को जान से मारने की धमकी, LJP (रामविलास) के प्रतिनिधिमंडल...

चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी, LJP (रामविलास) के प्रतिनिधिमंडल ने DGP से मिलकर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की

लाइव सिटीज, पटना: केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए LJP (रामविलास) के सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को पटना में बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार से मुलाकात की। पार्टी नेताओं ने DGP को पूरे मामले की जानकारी देते हुए धमकी देने वाले लोगों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने और चिराग पासवान की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की।

डाक के जरिए भेजा गया धमकी भरा पत्र

जानकारी के मुताबिक, चिराग पासवान को एक गुमनाम पत्र के जरिए धमकी मिली है। यह पत्र उनके दिल्ली स्थित कार्यालय में पहुंचा था। पत्र में केंद्रीय मंत्री को जल्द ही आतंकियों द्वारा मारे जाने की बात कही गई थी। पत्र में दो मोबाइल नंबरों का भी उल्लेख किया गया है। धमकी की सूचना सामने आने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की गई है।

DGP से मिले पार्टी के वरिष्ठ नेता

चिराग पासवान की सुरक्षा को लेकर DGP से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व LJP (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने किया। उनके साथ विधायक दल के नेता राजू तिवारी, MLC अशरफ अंसारी समेत पार्टी के अन्य नेता मौजूद थे।
पार्टी नेताओं ने DGP के सामने मांग रखी कि धमकी भेजने वाले व्यक्ति या इसके पीछे शामिल लोगों का जल्द पता लगाया जाए। साथ ही यह भी कहा गया कि मामले की जांच सिर्फ पत्र तक सीमित न रहे, बल्कि धमकी के पीछे किसी बड़ी साजिश की संभावना समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जाए

दो मोबाइल नंबरों की जांच कर रही पुलिस

मुलाकात के बाद सुरेंद्र विवेक ने बताया कि DGP विनय कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया है। पुलिस को धमकी से जुड़े दो मोबाइल नंबर मिले हैं और इन नंबरों की जांच की जा रही है। पार्टी नेताओं के मुताबिक पुलिस इन नंबरों से जुड़े लोगों और धमकी के स्रोत का पता लगाने में जुटी है

केंद्रीय गृह मंत्रालय को भी दी गई जानकारी

धमकी की जानकारी केंद्रीय स्तर पर भी पहुंचाई गई है। चिराग पासवान के कार्यालय की ओर से केंद्रीय गृह सचिव को पत्र भेजकर पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने और उनकी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने का अनुरोध किया गया है। अब धमकी की वास्तविकता, पत्र भेजने वाले की पहचान और उसमें दिए गए मोबाइल नंबरों की भूमिका जांच का अहम हिस्सा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments