Home Blog Page 20

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले रोहिणी ने उठाए सवाल, कहा- ‘घुसपैठियों के हाथ में है RJD की कमान

0

लाइव सिटीज, पटना: आज राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई है. पार्टी सुप्रीमो लालू यादव के अध्यक्षता में आज की बैठक होनी है. चर्चा इस बात की भी हो रही है कि तेजस्वी यादव को कोई बड़ी जिम्मेवारी दी जा सकती है. लेकिन राजद की बैठक से पहले लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य ने एक बार फिर से सोशल मीडिया के माध्यम से तेजस्वी यादव पर निशाना साधा है

लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने कहा कि सच्चा लालूवादी वही है जो पार्टी की बदहाली के लिए जिम्मेदार लोगों से सवाल करेगा और संदिग्ध भूमिका वाले नेताओं के खिलाफ आवाज उठाएगा. रोहिणी ने दावा किया कि जन-जन की पार्टी की कमान अब ‘फासीवादी विरोधियों’ द्वारा भेजे गए घुसपैठियों और साजिशकर्ताओं के हाथ में है, जो लालूवाद को तहस-नहस करने के उद्देश्य से काम कर रहे हैं और काफी हद तक सफल भी हो रहे हैं.

उन्होंने आगे नेतृत्व को चेतावनी दी कि सवालों से भागने, भ्रम फैलाने या लालूवाद के समर्थकों के साथ दुर्व्यवहार करने की बजाय आत्ममंथन करना चाहिए, वरना साजिश में मिलीभगत का आरोप खुद साबित हो जाएगा. यह बयान आरजेडी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक से ठीक पहले आया है.

आज जनता के हक-हकूक की लड़ाई लड़ने के लिए जानी जाने वाली, जन-जन की पार्टी की असली कमान फासीवादी विरोधियों के द्वारा भेजे गए वैसे घुसपैठियों, साजिशकर्ताओं के हाथों में है, जिन्हें लालूवाद को तहस-नहस करने के टास्क के साथ भेजा गया है, कब्जा जमाए बैठे ऐसे लोग अपने गंदे मकसद में काफी हद तक सफल होते भी दिखते हैं.

बिहार में कोहरा-ठंड के साथ बारिश का हमला! पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम विभाग का अलर्ट

0

लाइव सिटीज, पटना: बिहार के लोगों को जनवरी के आखिरी हफ्ते में भी पूरी तरह से ठंड से राहत नहीं मिली है. दिन के समय धूप निकलने के बावजूद सुबह और शाम के वक्त ठंडी हवाएं कंपकंपी पैदा कर रही हैं. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि राज्य में सर्दी का दौर अभी थमा नहीं है और आने वाले कुछ दिनों तक हालात लगभग यही बने रहेंगे.

बीते 24 घंटों के दौरान बिहार का मौसम पूरी तरह शांत और शुष्क रहा. किसी भी जिले में वर्षा दर्ज नहीं हुई. अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस से 28.1 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जिसमें कैमूर जिले में सबसे ऊंचा 28.1 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि कटिहार में यह सबसे कम 23.8 डिग्री पर रहा. न्यूनतम तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखा, कई इलाकों में सुबह घना कोहरा छाया रहा जिससे दृश्यता प्रभावित हुई.

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 25 जनवरी को पूरे बिहार में मौसम मुख्य रूप से सामान्य रहेगा. उत्तर और मध्य भागों के जिलों में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है, जबकि दिनभर आसमान साफ-सुथरा रहने की उम्मीद है. दिन का तापमान उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार में 26 से 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. न्यूनतम तापमान 8 से 14 डिग्री के बीच रहने से रात और सुबह की ठंड बनी रहेगी.

पटना में नो-पार्किंग पर सख्ती, गाड़ी खड़ी करते ही कटेगा ई-चालान

0

लाइव सिटीज, पटना: पटना में अब सड़क किनारे मनमानी पार्किंग करना महंगा पड़ने वाला है. अगर आपकी गाड़ी नो-पार्किंग जोन में खड़ी मिली, तो चालान कटने के लिए ट्रैफिक पुलिस के सामने जाने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी. कैमरा आपको देखेगा, नंबर प्लेट पढ़ेगा और सीधे आपके मोबाइल पर ई-चालान पहुंच जाएगा

राजधानी में यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने तकनीक के जरिए सख्ती शुरू कर दी है और इसका असर भी अब साफ दिखने लगा है.

पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के आंकड़ों के मुताबिक एक दिसंबर से 22 जनवरी तक नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने के 4806 मामले सामने आए. इनमें से 2371 मामलों में वाहन नंबर की पहचान कर ई-चालान जारी किया गया.

दिसंबर महीने में 2669 वाहन नो-पार्किंग में पकड़े गए, जिनमें 793 का चालान कटा. वहीं जनवरी में 2137 मामले सामने आए और 1578 वाहनों पर कार्रवाई हुई. यह साफ संकेत है कि निगरानी बढ़ने के साथ नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा कसता जा रहा है.

शहर की जिन सड़कों पर सबसे ज्यादा जाम और अव्यवस्था रहती है, वहां रियल टाइम मॉनिटरिंग शुरू कर दी गई है. नेहरू पथ, बोरिंग रोड, कंकड़बाग, राजाबाजार, फ्रेजर रोड, एग्जीबिशन रोड, पटना जंक्शन इलाका और गांधी मैदान जैसे व्यस्त क्षेत्रों में चौबीसों घंटे कैमरों से निगरानी हो रही है.

इनका मकसद सिर्फ चालान काटना नहीं, बल्कि अवैध पार्किंग को रोककर ट्रैफिक जाम को कम करना और यातायात को सुचारु बनाना है.

नेपाल से सटे जिलों में हाई अलर्ट, बढ़ाई गई चौकसी, बॉर्डर एरिया में 72 घंटे पेट्रोलिंग का आदेश

0

लाइव सिटीज, पटना: बिहार में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. भारत-नेपाल सीमा से सटे जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) समेत तमाम इटेलिजेंस एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है. खासकर पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, अररिया, किशनगंज और सुपौल जैसे बॉर्डर वाले जिले में चौकसी बढ़ाई गई है

गणतंत्र दिवस को लेकर बॉर्डर वाले जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है. सेंट्रल एजेंसियों के साथ जिला प्रशासन के अधिकारियों की बैठक हुई थी. इसमें 72 घंटे तक बार्डर एरिया पर विशेष पेट्रोलिंग का आदेश दिया गया था. गणतंत्र दिवस से पहले राज्यभर में रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील जगहों पर एक्सट्रा पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है.

आतंकियों की ओर से ड्रोन के इस्तेमाल की आशंका जताई गई है. घुसपैठ या विस्फोटक पहुंचाने की कोशिश हो सकती है. इसी को देखते हुए बॉर्डर इलाकों में निगरानी मजबूत की गई है. रात में गश्त और चेकिंग अभियान भी तेज कर दिया गया है. बिहार से सटे नेपाल सीमा पर लगातार आवाजाही को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है. पश्चिम चंपारण से अररिया तक सटे नेपाली इलाकों के साथ-साथ बिहार की सीमा पर भी एसएसबी और स्थानीय पुलिस की गश्त जारी है.

2030 तक बिहार सरकार अपने सभी संकल्पों को पूरा कर लेगी’, CM नीतीश कुमार का बड़ा दावा

0

लाइव सिटीज, मुजफ्फरपुर: समृद्धि यात्रा के तहत शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुजफ्फरपुर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने जिले को कुल 853 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी. इनमें 194 करोड़ रुपये की 89 योजनाओं का शिलान्यास, 212 करोड़ रुपये की 47 योजनाओं का उद्घाटन और 447 करोड़ रुपये की 36 योजनाओं का कार्यारंभ शामिल है.

मुख्यमंत्री ने जिले में संचालित और प्रस्तावित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. जिला प्रशासन द्वारा उन्हें विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई. यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री बखरी चौक पहुंचे, जहां फोर लेन निर्माण और निर्माणाधीन चंदवारा पुल के फेज-टू संपर्क पथ की प्रगति से अवगत कराया गया.

इस दौरान एनएचएआई द्वारा भी कई अहम परियोजनाओं की जानकारी दी गई. बताया गया कि मुजफ्फरपुर ईस्ट बाइपास का एलाइनमेंट तय हो चुका है. वहीं रामदयालु जंक्शन के समग्र विकास की योजना भी तैयार कर ली गई है. इसके तहत रामदयालुनगर में सर्कुलर रोड का निर्माण होगा, जहां से मधौल, दिघरा और खबड़ा की ओर तीन एलिवेटेड सड़कें निकलेंगी. इससे शहर के ट्रैफिक दबाव में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों के स्टॉलों का निरीक्षण कर उनके कार्यों की सराहना की. इसके बाद वे बाजार समिति परिसर में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए. कार्यक्रम में मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, जीविका दीदियां और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे.

दिल्ली में आज बिहार कांग्रेस की अहम बैठक, राहुल-खड़गे की मौजूदगी में विधायक दल के नेता पर लग सकती है मुहर

0

लाइव सिटीज, पटना: अगले महीने बिहार विधानसभा का सत्र शुरू होने वाला है और उससे पहले कांग्रेस ने अपनी सियासी हलचल तेज कर दी है। इसी कड़ी में कांग्रेस ने अपने सभी विधायकों को दिल्ली तलब किया है। आज दिल्ली में बिहार कांग्रेस की एक अहम और निर्णायक बैठक होने जा रही है।

यह बैठक दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में शाम 4:30 बजे शुरू होगी, जिसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मौजूद रहेंगे। बैठक में बिहार कांग्रेस के सभी विधायक, सांसद, एमएलसी के साथ-साथ प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल होंगे।

इस बैठक में बिहार कांग्रेस संगठन को मजबूत करने पर व्यापक चर्चा होगी। इसके साथ ही विधायक दल के नेता के नाम पर भी अंतिम फैसला लिया जा सकता है। गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव परिणाम आए दो महीने से ज्यादा का वक्त बीत चुका है, लेकिन अब तक कांग्रेस विधायक दल का नेता तय नहीं हो पाया है।

कौआकोल में युवक की गोली मारकर हत्या, सरस्वती पूजा से पहले इलाके में तनाव और दहशत

0

लाइव सिटीज, नवादा: नवादा जिले के नक्सल प्रभावित कौआकोल थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. गांधीधाम पुल के पास हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है. सरस्वती पूजा से ठीक पहले हुई इस हत्या के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

मृतक की पहचान जोगाचक गांव निवासी बिनोद यादव के 28 वर्षीय पुत्र अजित कुमार के रूप में हुई है. अजित पेशे से पेंटर थे और परिवार का भरण-पोषण करते थे. प्राथमिक जानकारी के अनुसार, अजित का दो-तीन दिन पहले कुछ लोगों से आपसी विवाद हुआ था.

घटना के बाद अजित को तुरंत कौआकोल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजना चाहा, लेकिन आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव उठाने से इनकार कर दिया. फिलहाल शव अस्पताल में ही है और इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है. ग्रामीण अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं.

सरस्वती पूजा 2026: जानें शुभ मुहूर्त, मंत्र और पूजा विधि

0

लाइव सिटीज, पटना: शुक्रवार 23 जनवरी 2026 यानि आज माघ शुक्ल पंचमी के दिन पूरे बिहार समेत देशभर में सरस्वती पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जा रही है. यह पर्व माघ शुक्ल पंचमी को होने के कारण इसे वसंत पंचमी भी कहा जाता है.

विद्या, बुद्धि, वाणी और कला की देवी मां सरस्वती की आराधना का यह दिन विद्यार्थियों, शिक्षकों, कलाकारों और ज्ञान साधकों के लिए विशेष महत्व रखता है.

मां सरस्वती की पूजा विधि बताते हुए पंडित राजन उपाध्याय ने कहा कि सरस्वती पूजा में शुद्धता और सात्विकता का विशेष ध्यान रखना चाहिए. सबसे पहले स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करें. पूजा स्थल को साफ कर पीले या सफेद वस्त्र पर मां सरस्वती की प्रतिमा या चित्र स्थापित करें.

मां को पीले फूल, अक्षत, हल्दी, केसर, मिठाई और फल अर्पित करें. कलम, किताब, वाद्य यंत्र जैसे शिक्षा और कला से जुड़े उपकरणों को मां के चरणों में रखें. इसके बाद ‘ॐ ऐं सरस्वत्यै नमः’ मंत्र का जाप करें और आरती करें. प्रसाद में सीजनल फल, खीर या पीले रंग की मिठाई विशेष रूप से अर्पित की जाती है.

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन पूजा करने से बुद्धि तीव्र होती है और पढ़ाई में एकाग्रता बढ़ती है. पंडित राजन उपाध्याय कहते हैं कि विद्यार्थियों के लिए यह दिन विशेष होता है. मान्यता है कि मां सरस्वती की आराधना से स्मरण शक्ति बढ़ती है और जीवन में सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है. कई जगहों पर छोटे बच्चों का विद्यारंभ संस्कार भी इसी दिन कराया जाता है.

STET रिजल्ट में गड़बड़ी का आरोप, बिहार बोर्ड कार्यालय के बाहर अभ्यर्थियों का जोरदार प्रदर्शन

0

लाइव सिटीज, पटना: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति यानी BSEB कार्यालय के बाहर STET अभ्यर्थियों का आक्रोश तेज हो गया है। बड़ी संख्या में छात्र परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठ गए हैं। राजधानी पटना स्थित बोर्ड कार्यालय के बाहर छात्रों ने जमकर नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि STET का परिणाम जारी हुए 18 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी शिकायतों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। छात्रों का आरोप है कि कई योग्य अभ्यर्थियों को गलत तरीके से फेल घोषित कर दिया गया है, जबकि उनकी उत्तर पुस्तिकाओं में अंक मिलने चाहिए थे।

अभ्यर्थियों का दावा है कि उत्तर कुंजी और प्राप्त अंकों में गंभीर विसंगतियां हैं। कई छात्रों का कहना है कि जिन प्रश्नों के उत्तर सही थे, उन्हें गलत करार दिया गया, जिससे उनका परिणाम प्रभावित हुआ है। इसी वजह से STET के परिणाम की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

धरने पर बैठे छात्रों ने बिहार बोर्ड प्रशासन से पुनर्मूल्यांकन कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं, तब तक वे आंदोलन जारी रखेंगे। छात्रों ने यह भी चेतावनी दी है कि जरूरत पड़ने पर वे आंदोलन को और तेज करेंगे।

नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान धमाके से सिवान में मची अफरातफरी, 1 की मौत

0

लाइव सिटीज, पटना: इन दिनों बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा कर रहे हैं. गुरुवार के जैसे ही नीतीश कुमार सिवान पहुंचे, ठीक उसी समय जोरदार धमाका हुआ है. जानकारी के अनुसार यह धमाका हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बड़रम गांव में हुआ है. शुरुआती जांच में पता चला है कि विस्फोट पटाखों के कारण हुआ है, जिसमें एक युवक की मौत की सूचना है.

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम स्थल से लगभग 7 किलोमीटर दूर हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बड़रम गांव में घटना हुई है. कुछ ही दूरी पर जोरदार धमाके से इलाके में हड़कंप मच गया. इस घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है, जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई है. मृतक की पहचान बड़रम गांव निवासी मुर्तुजा अंसारी के रूप में की गई है.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को सील कर दिया गया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और विस्फोट के वास्तविक कारणों के साथ-साथ इसमें किसी अन्य की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है.