Home Blog Page 19

जहानाबाद NEET छात्रा मौत मामला: डिप्टी सीएम विजय सिन्हा पीड़ित परिवार से मिले, DGP को जल्द खुलासे का निर्देश

0

लाइव सिटीज, पटना: नीट छात्रा की संदिग्ध मौत से जुड़ी बड़ी खबर जहानाबाद से आ रही है। जहां मृतका के परिजनों से मिलने के लिए बिहार के डिप्टी सीएम पहुंच गये। उन्होंने मृतका की मां और पिता से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया। विजय कुमार सिन्हा ने वही से बिहार के डीजीपी को फोन लगाया और जल्द से जल्द खुलासा किये जाने की बात कहा

मृतका के परिजनों से मुलाकात कर विजय कुमार सिन्हा ने न्याय का भरोसा दिलाया। विजय सिन्हा को देखते ही मृतका की मां फूट-फूटकर रोने लगी जिसके बाद डिप्टी सीएम ने कहा कि माता जी धैर्य रखिए सजा हम जरुर दिलाएंगे..मृतका के साथ इंसाफ होगा और पापियों को सजा मिलेगा। उन्होंने कहा कि जो पाप किया है उसको नहीं छोड़ेंगे।

मृतका के परिजनों से मिलने के बाद विजय कुमार सिन्हा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मृतका के परिजनों को न्याय मिलेगा। जो दोषी होगा पूरी तरह से इसकी सत्यता को उजागर किया जाएगा और कार्रवाई की जाएगी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर इस मामले की पूरी जांच हो रही है। मामले का उजागर बहुत जल्द होगा। हर बिंदुओं पर जांच किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हमने पूरी तरह से डीजीपी और गृह मंत्री से बात कर कहा है कि यह एक व्यक्ति और एक बच्ची का मामला नहीं बल्कि यह बिहार की बेटी और उसकी अस्मिता का मामला है। इस तरह के दरिंदों को माफ नहीं किया जाएगा। अगर यह पुष्टी हो जाती है कि रेप के बाद हत्या हुई है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। चाहे जो भी हो उसे बक्शा नहीं जाएगा। मामले की छानबीन पूरी तरह की जा रही है। अभी हम परिवार से मिले हैं

बड़े व्यवसायी के बेटे की गोली मारकर हत्या, लड़की के साथ फोटो को लेकर विवाद का मामला छिड़ा

0

लाइव सिटीज, पूर्णिया: पूर्णिया में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े बिजनेसमैन के बेटे की गोली मारकर कर हत्या दी. मृतक की पहचान सूरज बिहारी उर्फ सूरज यादव की रूप में हुई है. पिता जवाहर यादव पूर्णिया के बड़े मक्का व्यवसायी हैं और गोदाम का संचालन करते हैं. घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है.

घटना मरंगा थाना क्षेत्र के नेवालाल चौक स्थित फंड वर्ल्ड पार्क के पास मंगलवार की है. फायरिंग में बाल-बाल बचे प्राइवेट गार्ड प्रेम कुमार ने बताया कि सरस्वती पूजा के दिन इंस्टाग्राम फोटो खिचाने को लेकर कारोबारी सूरज बिहारी के भाई उदय यादव और उनके दोस्तों से ब्रजेश और नंदू सिंह की कहासुनी हुई थी.

उदय के दोस्त के पिता सुबोध कुमार ने बताया कि उनका बेटा सोशल मीडिया क्रिएयर है. स्कूल में सरस्वती पूजा के दौरान उसने एक लड़की की तस्वीर लेकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था. उस लड़की का बॉयफ्रेंड तस्वीर देख लिया था. इसके बाद उस लड़की का बॉयफ्रेंड ने मेरे बेटो को स्कूल से उठा लिया और लेकर जाकर उसके साथ मारपीट की. हालांकि मेरा बेटा किसी तरह भागकर आ गया.

हमलोग लड़की के बॉयफ्रेंड के घर परिजन को जानकारी देने गए थे. इस दौरान मेरे बेटे को मारने वाला आरोपी गुस्सा हो गया और हाथापाई हुई. किसी तरह मामला शांत कर घर आ गए. घर आने के बाद पता चला कि मेरे घर पर 20 से 25 लोग आकर परिवार के सदस्यों से मारपीट की. जब हमलोग उसके घर से आए, उसके बाद सूरज बिहारी का छोटा भाई गया था. उसी दौरान उसके साभ आरोपी पक्ष मारपीट करने लगा.

29 जनवरी को कैबिनेट की अहम बैठक, बड़े फैसलों पर लग सकती है मुहर

0

लाइव सिटीज, पटना: बिहार सरकार की मंत्रिपरिषद की एक बेहद अहम बैठक 29 जनवरी 2026 को पटना में होने जा रही है मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में यह बैठक दोपहर 4:30 बजे 4, देशरत्न मार्ग स्थित ‘संवाद’ कक्ष में आयोजित होगी.

मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार उपमुख्यमंत्री सहित सभी कैबिनेट मंत्रियों की मौजूदगी अनिवार्य होगी इस बैठक को इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि इसमें राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण नीतिगत और प्रशासनिक फैसलों पर मुहर लग सकती है.

बैठक स्थल के रूप में पटना स्थित ‘संवाद’ कक्ष को चुना गया है, जहां पहले से ही सभी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं सभी विभागों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने एजेंडों के साथ पूरी तैयारी में रहें बैठक के दौरान विकास योजनाओं, वित्तीय मामलों, प्रशासनिक सुधारों और आगामी सरकारी कार्यक्रमों पर गहन चर्चा होने की संभावना है

कैबिनेट बैठक को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता दी गई है. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि बैठक स्थल और आसपास के इलाकों में कड़ी निगरानी रखी जाए. किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या सुरक्षा चुनौती से निपटने के लिए पहले से तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया है. वहीं, बिजली विभाग को यह आदेश दिया गया है कि बैठक के दौरान बिजली आपूर्ति पूरी तरह निर्बाध रहे, ताकि कार्यवाही में किसी तरह की रुकावट न आए.

TRE-4 वैकेंसी को लेकर सड़क पर उतरे कैंडिडेट्स, भारी पुलिस बल तैनात, वैकेंसी जारी करने की मांग

0

लाइव सिटीज, पटना: पटना में एक बार फिर से TRE-4 के अभ्यर्थी सड़कों पर उतर आए हैं। राजधानी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में बड़ी संख्या में कैंडिडेट्स इकट्ठा हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की एक ही मांग है—TRE-4 की वैकेंसी जल्द जारी की जाए।

अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार लंबे समय से सिर्फ आश्वासन देती आ रही है, लेकिन अब तक TRE-4 की अधिसूचना जारी नहीं की गई है। कई बार तारीखों और वादों का हवाला दिया गया, मगर जमीनी स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे हजारों युवाओं का भविष्य अधर में लटका हुआ है।

इस प्रदर्शन के दौरान छात्र नेता खुशबू पाठक ने शिक्षा विभाग और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब भी TRE-4 को लेकर शिक्षा मंत्री से सवाल पूछा जाता है, तो हर बार एक ही जवाब मिलता है—“रोस्टर क्लीयरेंस नहीं हुआ है, जल्द वैकेंसी जारी होगी।

खुशबू पाठक ने सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव से पहले लगातार वैकेंसी जारी करने के दावे किए गए, लेकिन चुनाव खत्म हुए कई महीने बीत जाने के बावजूद अब तक TRE-4 की अधिसूचना नहीं आई है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री का “शीघ्र वैकेंसी जारी होगी” वाला बयान अब एक रटा-रटाया जवाब बनकर रह गया है। यह कब खत्म होगा, यह समझ से बाहर है। छात्र नेता ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द TRE-4 की वैकेंसी जारी नहीं की, तो आगामी विधानसभा के बजट सत्र के दौरान अभ्यर्थी बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

जल्द ही महिलाओं को मिलेंगे 2-2 लाख रुपये’, समृद्धि यात्रा के दौरान CM नीतीश का बड़ा ऐलान

0

लाइव सिटीज, मधुबनी: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ के दूसरे फेज की शुरुआत हो गई है. पहले दिन उन्होंने मधुबनी का दौरा किया. जहां उन्होंने 298 करोड़ की 101 योजनाओं का शिलान्यास किया. इस दौरान सीएम ने एक बार फिर दावा किया कि अगले 5 सालों में बिहार विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा होगा.

समृद्धि यात्रा यात्रा के पहले दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मधुबनी जिले में 298 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 101 नई योजनाओं का शिलान्यास किया. साथ ही 93 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 294 परियोजनाओं का लोकार्पण किया. सीएम ने लोगों से संवाद भी किया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले 5 सालों में सात निश्चय-3 का गठन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इसके तहत 7 बिंदुओं पर काम होगा. जिसमें ‘दोगुना रोजगार और दोगुनी आय’ पर हमारा विशेष फोकस होगा. सीएम ने बताया कि महिला सशक्तिकरण के लिए पहले ही 10-10 हजार रुपये दिए जा चुके हैं, जल्द ही उन्हें रोजगार को आगे बढ़ाने के लिए 2-2 लाख रुपये दिए जाएंगे.

जो कुछ भी जिनके लिए किया गया, सबके लिए किया गया. हर तरफ काम हो रहा है. आपके यहां भी आके काम किए ही है. जहां भी कमी दिखी, उसको ठीक किया गया. लोगों से बातचीत के आधार पर हमलोग योजान बना रहे हैं. हर जिले के लिए काम हो रहा है. सात निश्चय-3 के तहत महिलाओं को 2 लाख रुपये दिए जाएंगे. साथ ही युवाओं को नौकरी और रोजगार दिया जाएगा

नीतीश कुमार के दूसरे चरण की समृद्धि यात्रा शुरू, मधुबनी को देंगे 391 करोड़ का तोहफा

0

लाइव सिटीज, मधुबनी: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहले चरण की समृद्धि यात्रा समाप्त करने के बाद आज से दूसरे चरण की यात्रा की शुरुआत मिथिलांचल से करेंगे. मधुबनी जिले को मुख्यमंत्री आज 391 करोड़ की योजनाओं का तोहफा देंगे

मुख्यमंत्री 298 करोड़ की लागत से 101 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे तो वहीं 93 करोड़ की लागत से 294 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे. उद्घाटन और शिलान्यास के साथ मुख्यमंत्री विकास योजनाओं का निरीक्षण भी करेंगे और समीक्षा भी साथ ही लोगों से संवाद भी करेंगे.

पहले चरण की मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा 16 जनवरी से 24 जनवरी तक चली, जिसमें मुख्यमंत्री ने नौ जिलों की यात्रा की है. पहले चरण की समिति यात्रा में मुख्यमंत्री ने सभी नौ जिलों को सैकड़ो करोड़ की योजनाओं का तोहफा दिया है.

अब दूसरे चरण में मुख्यमंत्री मिथिलांचल के तीन जिलों की यात्रा करेंगे 28 जनवरी को दरभंगा और 29 जनवरी को मुख्यमंत्री समस्तीपुर में समृद्धि यात्रा करेंगे और सैकड़ो करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे.

पटना के गांधी मैदान में राज्यपाल ने फहराया झंडा, सीएम नीतीश और सम्राट चौधरी रहे मौजूद

0

लाइव सिटीज, पटना: आज 77वां गणतंत्र दिवस है। पटना समेत पूरे देश में तिरंगा फहराया जा रहा है। सीएम नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री आवास पर तिरंगे को सलामी दी। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान गांधी ने मैदान में तिरंगा फहराया। वह गांधी मैदान पहुंच चुके हैं। उनके साथ सीएम नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी समारोह में मौजूद हैं। 

तिरंगे को सलामी देने के बाद राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान गांधी मैदान में परेड की सलामी ली। इस बार 21 टुकड़ियों की परेड निकाली गई। राज्यपाल ने उल्लेखनीय कार्य करने वाले जवानों को पुरस्कार दिया। इसमें भोजपुर के लेफ्टिनेंट जनरल रामचंद्र तिवारी को सात लाख 50 हजार रुपये, पूर्णिया के शशिभूषण कुमार को, समस्तीपुर के मेजर जनरल अखिलेश कुमार को शामिल हैं। कुछ ही देर में 12 विभागों की आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी। इसके लिए सारी तैयारी पहले ही पूरी हो चुकी है।

राज्यपाल आरिफ मोहम्मद ने बिहार के लोगों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। कहा कि 77 वर्ष पूर्व देश में गौरवशाली संप्रभु, लोकतांत्रिक गणराज्य स्थापित हुआ और संसदीय व्यवस्था पर आधारित शासन की नींव रखी गई। संविधान के माध्यम से राष्ट्र के सभी नागरिकों के लिए सामाजिक, आर्थिक और राजनैतिक न्याय तथा विचार अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता सुनिश्चित हुई है। संविधान के द्वारा प्रदत्त प्रतिष्ठा और अवसर की समानता तथा लोगों को गरिमापूर्ण जीवन उपलब्ध कराने के सिद्धान्त हमारे पथ प्रदर्शक हैं। इन्हीं के सहारे देश के सर्वांगीण विकास की परिकल्पनायें पूरी हो रही हैं। राज्यपाल ने कहा कि बिहार सरकार ने समाज हर वर्ग के विकास के लिए काम किया है। लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने के लिए सरकार काम कर रही है। 

राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि बिहार सरकार महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोड़ दिया गया है। महिलाओं को रोजगार देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष कदम उठाए गए हैं। वर्ष 2006 में पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकाय में महिलाओं के लिए 50 फीसदी आरक्षण की शुरुआत की गई है। वर्तमान में पुलिस में महिलाओं की संख्या 30 हजार है, जो देश में सबसे अधिक है। 2016 से सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 35% आरक्षण दिया गया है। 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर विशेष सहायता गठन किया गया, जिसे जीविका कहा गया। वर्ष 2024 से शहरी क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूह का गठन किया गया। यह लगातार जारी है। 

राज्यपाल ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से बड़ी संख्या में स्कूल खोले गए। शिक्षकों की नियुक्ति की गई। 2023 से बिहार लोक सेवा आयोग की ओर से बड़े पैमाने शिक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। अब राज्य में पांच लाख 24 हजार शिक्षक हैं। अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। राज्य सरकार इस दिशा में काम कर रही है। 

वहीं गणतंत्र दिवस पर बिहार में हाई अलर्ट है. सीमावर्ती जिलों में विशेष चौकसी और 72 घंटे की पेट्रोलिंग जारी भारत-नेपाल सीमा से सटे जिलों को अलर्ट पर रखा गया है. SSB सहित केंद्रीय और राज्य स्तरीय एजेंसियां सतर्क 30 हजार अतिरिक्त बल और 53 कंपनी पुलिस-सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है.

तेजस्वी यादव बने RJD के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, लालू-राबड़ी की मौजूदगी में मिला जिम्मा

0

लाइव सिटीज, पटना: राष्ट्रीय जनता दल की ओर से एक अहम राजनीतिक फैसला लिया गया है. पार्टी ने तेजस्वी यादव को कार्यकारी अध्यक्ष बनाने की औपचारिक घोषणा कर दी है. इस फैसले को आरजेडी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है.

तेजस्वी यादव को कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के साथ ही पार्टी ने साफ संकेत दे दिया है कि भविष्य की राजनीति में युवा नेतृत्व की भूमिका और मजबूत होगी. तेजस्वी यादव पहले से ही पार्टी के सबसे बड़े चेहरों में शामिल हैं और अब संगठन की जिम्मेदारी मिलने से उनकी भूमिका और प्रभावशाली हो गई है.

आरजेडी नेताओं का कहना है कि यह फैसला पार्टी को जमीनी स्तर पर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से लिया गया है. कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में तेजस्वी यादव संगठन, रणनीति और चुनावी तैयारियों की कमान संभालेंगे. माना जा रहा है कि इससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा.

NEET छात्रा मौत मामला, भाई वीरेंद्र का बड़ा आरोप—NDA के बड़े नेता का बेटा शामिल, सरकार लीपापोती कर रही

0

लाइव सिटीज, पटना: पटना के शंभू हॉस्टल में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रही जहानाबाद की छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला अब सियासी तूफान बनता जा रहा है। जैसे-जैसे इस मामले में नए खुलासे सामने आ रहे हैं, वैसे-वैसे विपक्ष का सरकार पर हमला और तेज होता जा रहा है। विपक्ष ने न सिर्फ सरकार बल्कि पटना पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

इसी कड़ी में राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता और मनेर से विधायक भाई वीरेंद्र ने सरकार पर तीखा प्रहार किया है। आरजेडी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने पहुंचे भाई वीरेंद्र ने कहा कि सरकार पूरे मामले पर चुप्पी साधे बैठी है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में एनडीए के एक बड़े नेता का बेटा शामिल है, और इसी वजह से सरकार और पुलिस मामले को दबाने में जुटी हुई है।

भाई वीरेंद्र ने कहा कि जब एक गरीब परिवार की बेटी के साथ इतना बड़ा हादसा होता है, तो सरकार को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए थी, लेकिन यहां उल्टा लीपापोती की कोशिश हो रही है। उन्होंने मांग की कि इस मामले में जो भी दोषी हैं, चाहे वे कितने भी बड़े या प्रभावशाली क्यों न हों, उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए और कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि अगर सरकार को सच में न्याय की चिंता है तो मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच करानी चाहिए, न कि राजनीतिक दबाव में आकर सच को दबाया जाए।वहीं, तेजस्वी यादव को आरजेडी का अध्यक्ष बनाए जाने की अटकलों पर भाई वीरेंद्र ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी की कमान एक युवा नेता के हाथों में जाती है, तो यह पार्टी के लिए अच्छी बात होगी। युवा नेतृत्व से पार्टी और मजबूत होगी और जनता के मुद्दों को और मजबूती से उठाया जाएगा।

गणतंत्र दिवस पर पटना में बदली ट्रैफिक व्यवस्था, गांधी मैदान के आसपास कई रूट रहेंगे बंद

0

लाइव सिटीज, पटना: गणतंत्र दिवस के मौके पर सोमवार (26 जनवरी) को गांधी मैदान और उसके आसपास की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. सुबह 7 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक गांधी मैदान की तरफ वाहनों का प्रवेश नहीं होगा. डाकबंगला चौराहे से जेपी गोलंबर तक का मार्ग राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और विशिष्ट अतिथियों के लिए आरक्षित रहेगा. डाकबंगला से बुद्धमार्ग से पुलिस लाइन तक पूर्व और जाने वाले रास्ते बंद रहेंगे. वाहन बोरिंग रोड मोड़ से विद्यापति मार्ग होते पुलिस लाइन तिराहा तक जा सकेंगे.

न्यू डाकबंगला रोड से एसपी वर्मा रोड, छज्जूबाग में एसडीओ आवास से जेपी गोलंबर की ओर और बुद्धमार्ग में छज्जूबाग मोड़ से एसडीओ आवास की तरफ वाहनों का परिचालन रहेगा. न्यू गंगा पथ से आयकर कार्यालय के सामने से पथसारक वाहन ही एन सिन्हा इंस्टिट्यूट और गांधी मैदान की ओर जाएंगे. फ्रेजर रोड से आने वाले निजी वाहनों को डाकबंगला चौराहे से मोड़ दिया जाएगा. ये वाहन भट्टाचार्य चौक–पीरमुहानी–नाला रोड होते जाएंगे.

ऑटो, ई-रिक्शा और बसों का परिचाल पटना जंक्शन से डाकबंगला, न्यू डाकबंगला रोड, भट्टाचार्य चौक होते एग्जीबिशन रोड से बिग बाजार तक आएंगे और वहीं से वापस भट्टाचार्य मोड़, सीडी बिल्डिंग, गोविंदपुर होते जंक्शन तक जा सकेंगे. पटना सिटी की ओर से आने वाले व्यावसायिक वाहन मुसल्लहपुर हाट–बारी पथ होते खाजांची रोड के दक्षिण तक आएंगे और यहीं से लौटेंगे. इंजीनियरिंग कॉलेज से चलने वाली बसें गांधी चौक, महात्मा गांधी सेतु, दरियापुर तिराहा, नाला रोड, पीरमुहानी होते पटना जंक्शन तक जाएंगी और इसी मार्ग से वापस होंगी

गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि सहित दर्शकों के लिए गेट किए गए चिन्हित सुरक्षा के लिहाज से 2000 से अधिक पुलिस बल तैनात किए गए हैं. गांधी मैदान में प्रवेश के लिए कर अलग-अलग गेट चिन्हित किए गए हैं. गेट नंबर 1 से राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री का प्रवेश. अतिथियों का प्रवेश गेट नंबर 10 से, महिलाओं का प्रवेश गेट नंबर 12 और 13 से, छात्रों का प्रवेश गेट नंबर 2, 3 और 4 से, आम लोगों का प्रवेश गेट नंबर 6 और 7 से मीडिया का प्रवेश गेट नंबर 9 से होगा.