HomeBiharकॉलेज विवाद के बाद युवक की दिनदहाड़े हत्या, गोली लगने से मचा...

कॉलेज विवाद के बाद युवक की दिनदहाड़े हत्या, गोली लगने से मचा हड़कंप; सड़क पर उतरे लोग

लाइव सिटीज, नवादा: बिहार के नवादा जिले में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई युवक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। चंद्रवंशी मोहल्ले में 25 वर्षीय प्रणय कुमार उर्फ पीयूष कुमार को अपराधियों ने गोली मार दी। गोली लगने के बाद युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए।

कई अपराधी वाहनों से पहुंचे, युवक को खदेड़कर मारी गोली

जानकारी के अनुसार, घटना के समय करीब 10 से 15 अपराधी दो चारपहिया वाहनों और एक बुलेट बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने युवक को खदेड़ा और फिर उस पर गोली चला दी। अचानक हुई फायरिंग से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि कॉलेज में सीट पर बैठने को लेकर दो युवकों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ा और मामला हिंसक हो गया।

मृतक शिक्षक का बेटा था

मृतक की पहचान प्रणय कुमार उर्फ पीयूष कुमार के रूप में हुई है। वह स्थानीय शिक्षक मनीष भारती का छोटा बेटा बताया जा रहा है। दिनदहाड़े हुई हत्या की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हत्या के बाद सड़क पर उतरे लोग

घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने नवादा-गया मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। बड़ी संख्या में लोग सड़क पर जमा होकर अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सड़क जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ।गुस्साई भीड़ ने वारदात में इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आ रही दो चारपहिया गाड़ियों और एक बुलेट बाइक में भी तोड़फोड़ की। हालात बिगड़ने की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

पुलिस ने शुरू की जांच और छापेमारी

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी और भारी संख्या में जवान मौके पर पहुंचे। डीएसपी अभिषेक कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।पुलिस कॉलेज विवाद से लेकर हत्या की पूरी कड़ी को जोड़ने में जुटी है। साथ ही घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या में कौन-कौन लोग शामिल थे और वारदात की साजिश कैसे तैयार की गई।

इलाके में तनाव, पुलिस बल तैनात

दिनदहाड़े हुई हत्या के बाद चंद्रवंशी मोहल्ले और आसपास के इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की पूरी वजह और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments