HomeBiharखेसारी लाल यादव बनाम पवन सिंह के विवाद में युवक की गोली...

खेसारी लाल यादव बनाम पवन सिंह के विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, DJ संचालक समेत 4 गिरफ्तार

लाइव सिटीज, मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हुई रंजीत कुमार हत्याकांड का पुलिस ने पूरी तरह खुलासा कर दिया है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डीजे पर गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया. इस वारदात के बाद से ही इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ था.

इस खूनी विवाद की मुख्य जड़ भोजपुरी गायक खेसारी लाल यादव और पवन सिंह के गाने को बजाने की मांग थी. ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने प्रेस वार्ता में बताया कि 25 जून की सुबह करजा थाना क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में मुशहरी थाना क्षेत्र निवासी रंजीत कुमार शामिल होने पहुंचे थे. तभी डीजे पर गाना बजाने को लेकर बहस हुई.

समारोह के दौरान एक पक्ष खेसारी लाल यादव का गाना बजाने की मांग कर रहा था, जबकि दूसरा पक्ष पवन सिंह का गाना बजाने पर अड़ा था. पुलिस के अनुसार, घटना से पहले मृतक और मुख्य आरोपित ने साथ बैठकर शराब पी थी. इसके बाद विवाद बढ़ा और मारपीट के बीच डीजे संचालक और उसके साथियों ने रंजीत पर गोली चला दी.

तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले तुर्की निवासी डीजे संचालक विक्की कुमार और पानापुर करियात निवासी रामबाबू सहनी को गिरफ्तार किया. उनकी निशानदेही पर करजा निवासी नीरज कुमार और धीरज कुमार उर्फ गोलू को भी दबोच लिया गया. ग्रामीण एसपी के अनुसार डीजे संचालक विक्की कुमार ही इस कांड का मुख्य आरोपित है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments