लाइव सिटीज, पटना: आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल (JJD) के अध्यक्ष तेज प्रताप एक बार फिर अपने अनोखे अंदाज को लेकर सुर्खियों में हैं। अपने सरकारी आवास पर हुई लाखों की चोरी के मामले में उन्होंने खुद ही ‘सीन रीक्रिएट’ कर उसका वीडियो बनाया।
इस 43 सेकंड के वीडियो में तेज प्रताप खुद पूरी घटना को समझाते दिख रहे हैं कि चोर किस तरह सामान समेटकर भागा था। तेज प्रताप यादव ने अपने पूर्व पीए मोतीलाल राय के खिलाफ सचिवालय थाने में नामजद एफआईआर दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
तेज प्रताप यादव की ओर से जारी किए गए सीन रीक्रिएशन वीडियो में उनका एक समर्थक चोर की भूमिका में नजर आ रहा है। वीडियो में वो व्यक्ति तेजी से भागकर बंगले की दीवार फांदता हुआ दिखाई देता है। इस दौरान तेज प्रताप खुद पीछे से कमेंट्री करते हुए कह रहे हैं- देखिए देखिए, कैसे भाग रहा है चोर, वो इसी तरह भाग रहा था।
