लाइव सिटीज, बेतिया: बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के अंतिम दिन पश्चिम चंपारण के बेतिया से नकल का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. बेतिया के विपिन उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र पर एक परीक्षार्थी को डिजिटल तकनीक के सहारे नकल करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया. परीक्षा केंद्र पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता से यह पूरा मामला सामने आया.
परीक्षा के दौरान ड्यूटी पर तैनात बिहार पुलिस के जवानों को एक परीक्षार्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं. इसके बाद जवानों ने उसकी जांच की. तलाशी के दौरान उसके पास से डिजिटल उपकरण बरामद किया गया, जिसका इस्तेमाल वह परीक्षा में नकल करने के लिए कर रहा था. बताया जा रहा है कि परीक्षार्थी कान में बेहद छोटा ब्लूटूथ डिवाइस लगाकर परीक्षा दे रहा था.
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि परीक्षार्थी परीक्षा खत्म होने के महज 5 मिनट पहले पकड़ा गया. सुरक्षाकर्मियों की नजर पड़ते ही उसकी जांच की गई और डिजिटल उपकरण बरामद होने के बाद उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया. मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.
