लाइव सिटीज, गया: गया जी से राजगीर जाने वाली बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गयी. रेलवे ट्रैक पर लोहे की प्लेट रखे जाने की सूचना मिलने के बाद ट्रेन चालक और गार्ड की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से समय रहते ट्रेन को रोक दिया गया.
इस सूझबूझ के कारण सैकड़ों यात्रियों की जान बच गई और एक बड़ा रेल हादसा टल गया. घटना के बाद कुछ देर के लिए यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि रेलवे अधिकारियों और आरपीएफ की तत्परता से स्थिति जल्द ही सामान्य कर ली गयी.
मिली जानकारी के अनुसार बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस रात करीब 1:05 बजे गया जंक्शन से राजगीर के लिए रवाना हुई थी. ट्रेन निर्धारित गति से आगे बढ़ रही थी. इसी दौरान चालक की नजर रेलवे ट्रैक पर रखी एक संदिग्ध लोहे की प्लेट पर पड़ी. स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने बिना देर किए ट्रेन की गति कम की और अंतिम रोक सिग्नल के समीप ट्रेन को सुरक्षित रोक दिया. समय रहते ट्रेन रुक जाने से संभावित बड़ा हादसा टल गया.
