लाइव सिटीज आरा: कोईलवर क्षेत्र के चांदी थाना अंतर्गत चांदी-जमीरा सड़क पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक सवार मामा-भांजे को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर गिर पड़े. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े.
हादसे में नरही निवासी विशाल कुमार (उम्र 20 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वह अनिल रजक का पुत्र बताया जाता है. बताया जा रहा है कि विशाल अपने मामा जीतन कुमार के साथ बाइक से अपने ननिहाल आरा जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया.
घटना की सूचना मिलने पर चांदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की. हालांकि परिजनों को रातभर इंतजार करना पड़ा और पोस्टमार्टम अगले दिन सुबह हो सका.
