लाइव सिटीज, पटना: शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों की व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए एक बड़ा निर्णय लिया है. अब जिले के सभी सरकारी स्कूलों की दीवारों पर शिक्षा विभाग के केंद्रीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर बड़े अक्षरों में लिखना अनिवार्य होगा.
प्राथमिक शिक्षा निदेशक के आदेश के अनुसार सभी प्रारंभिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों को यह कार्य 31 मई 2026 तक पूरा करना होगा. निर्धारित समय सीमा के बाद निरीक्षण में जिन स्कूलों में यह नंबर अंकित नहीं पाया जाएगा, वहां के प्रधानाध्यापक और संबंधित कर्मियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.
आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि टोल-फ्री नंबर 14417 और 18003454417 को स्कूल परिसर के मुख्य द्वार या प्रमुख दीवार पर इस तरह अंकित किया जाएगा कि वह दूर से भी स्पष्ट दिखाई दे. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि छात्र, अभिभावक और आम नागरिक बिना किसी बाधा के अपनी शिकायत सीधे दर्ज करा सकें.
