लाइव सिटीज, पटना: Krishna Janmashtami के पावन अवसर पर इस्कॉन मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए पटना यातायात पुलिस ने शुक्रवार के लिए विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है।श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए बुद्ध मार्ग तथा इस्कॉन मंदिर से जुड़े तमाम संपर्क मार्गों पर वाहनों के परिचालन में व्यापक बदलाव किया गया है।
यातायात एसपी सागर कुमार ने बताया कि यह व्यवस्था सुबह से शुरू होकर जन्माष्टमी कार्यक्रम की समाप्ति तक प्रभावी रहेगी। जन्माष्टमी के दौरान बुद्ध मार्ग और ISKCON Temple की ओर निजी वाहनों, आटो, ई-रिक्शा, मिनी बसों समेत सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
जीपीओ फ्लाईओवर से बुद्ध मार्ग की ओर आने वाले वाहनों पर रोक रहेगी, वहीं अदालतगंज मार्ग पर दोनों ओर से आवागमन बंद रहेगा। इसके अतिरिक्त, कोतवाली की ओर से आने वाले वाहनों को डाकबंगला चौराहा होते हुए पटना जंक्शन की ओर भेजा जाएगा। जीपीओ के नीचे से इस्कॉन मंदिर की ओर जाने वाले वाहनों को आर-ब्लाक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। फ्रेजर रोड से श्रीनिवास पथ तथा बंदर बगीचा की ओर से बुद्ध मार्ग आने वाले वाहनों के परिचालन पर भी रोक रहेगी।
व्यवस्था को संभालने के लिए तीन डीएसपी, 50 पुलिस अधिकारी और 100 जवान तैनात किए गए हैं। साथ ही डॉल्फिन टीम और यातायात ओपी की मोबाइल टीमें लगातार गश्त करेंगी।
