लाइव सिटीज, पटना: राजद के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोमवार को एनडीए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सरकार पर गरीब और वंचित वर्ग के खिलाफ नीतियां अपनाने का आरोप लगाया।तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलाने का काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि इसके विपरीत लालू प्रसाद यादव के नेतृत्व में राजद ने हमेशा गरीबों और वंचित लोगों को बसाने तथा उनके हितों की रक्षा करने की कोशिश की।
तेजस्वी ने कहा कि जहां भी गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलाया जाएगा, वहां राजद उनके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी गरीब विरोधी नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज उठाती रहेगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन भी जारी रखेगी।
तेजस्वी यादव सोमवार को राजद प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में पर्वत पुरुष दशरथ मांझी की 19वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अन्याय करने वाली सरकार को छोड़ने की नहीं, बल्कि उसे तोड़ने की जरूरत है।उन्होंने दशरथ मांझी के संघर्ष और संकल्प को याद करते हुए कहा कि उन्होंने पहाड़ काटकर रास्ता बनाने जैसा असंभव काम कर दिखाया और समाज के सामने मिसाल कायम की।
उन्होंने कहा कि जीतन राम मांझी के श्रद्धांजलि समारोह में उपस्थित सभी लोगों का आभार है। मौजूद लोगों के टोकने और सुधारने के बाद उन्होंने दशरथ मांझी का नाम लिया। इसके बाद उन्होंने मुसहर समाज से आए लोगों का अभिवादन किया। तेजस्वी ने कहा कि दशरथ मांझी का संकल्प था कि जब तक रास्ता नहीं बनाएंगे, तब तक रुकेंगे नहीं। उन्होंने अपने संकल्प को पूरा कर दिखाया। उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज कई लोग दशरथ मांझी के नाम पर राजनीति करते हैं, लेकिन उनके समाज के कल्याण के लिए अपेक्षित काम नहीं करते।
