लाइव सिटीज, पटना: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव विशेष विमान से पटना से दिल्ली रवाना हुए हैं. दिल्ली रवाना होने से पहले तेजस्वी यादव ने पटना एयरपोर्ट पर महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर बयान दिया. उन्होंने कहा कि इस विषय पर उनकी पार्टी का स्टैंड पहले से ही साफ है.
तेजस्वी यादव ने कहा कि हालांकि, सरकार को सभी राजनीतिक दलों को बुलाकर इसपर चर्चा करनी चाहिए थी. चर्चा करने से बेहतर सहमति बन सकती थी. वहीं स्टालिन द्वारा बिल का समर्थन करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह उनका दल है, वे समर्थन करें या न करें यह उनका फैसला है. हमारा अपना दल है हम अपना फैसला करेंगे.
मंत्री अशोक चौधरी के इस्तीफे पर तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि लगता है उन्होंने अपनी गलती मान ली है, नहीं तो ये लोग इस्तीफा देने वाले कहां हैं. ये ऐसे लोग हैं जो बिना चुनाव जीते एक-एक साल तक मंत्री रह गए थे.
बता दें कि सांसद फैयाज अहमद के रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए तेजस्वी यादव दिल्ली रवाना हो गए हैं. उनके साथ सांसद मीसा भारती, फैयाज अहमद, संजय यादव, सुरेंद्र यादव, सुमित कुमार, वीरेंद्र कुमार, महेंद्र कुमार, रविंद्र कुमार और सोनू शर्मा भी दिल्ली रवाना हुए.
