लाइव सिटीज, पटना: छठ पूजा के दौरान बिहार की महिलाओं के सिंदूर लगाने की परंपरा पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी की तलाश में पटना पुलिस जुटी हुई है। पटना साइबर पुलिस की टीमों ने उसकी तलाश में जयपुर और दिल्ली स्थित संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन वह दोनों शहरों में नहीं मिला। बिहार पुलिस उसे गिरफ्तार करके पटना लाने की तैयारी कर रही है।
घटना के बाद से ही उसका मोबाइल फोन बंद है। उसके परिजनों ने भी उसके ठिकाने की जानकारी होने से इनकार किया है। ऐसे में पुलिस तकनीकी अनुसंधान के जरिए उसकी लोकेशन का पता लगाने में जुटी है। साथ ही उसके सोशल मीडिया ग्रुप पर भी नजर रखी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस उसे पटना लाने की तैयारी कर रही है।
यश माहेश्वरी राजस्थान के जयपुर का रहने वाला है। कुछ वर्षों से वह दिल्ली में रहकर दिल्ली-एनसीआर में स्टैंडअप कॉमेडी शो कर रहा है। इसी आधार पर पटना साइबर पुलिस की अलग-अलग टीमें जयपुर और दिल्ली भेजी गई हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान वह दोनों शहरों में नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने यश के परिजनों से ठिकाने की जानकारी मांगी। पूछताछ के दौरान परिजनों ने उसके वर्तमान ठिकाने की जानकारी होने से इनकार किया। अब पुलिस तकनीकी अनुसंधान के जरिए उसकी लोकेशन का पता लगाने में जुटी है।
