लाइव सिटीज, पूर्णिया: पूर्णिया शहर केके हाट थाना क्षेत्र के रेनू नगर में घरेलू विवाद के बाद एक पति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतका की पहचान शालिनी कुमारी के रूप में हुई है. वह श्रीनगर में 10+2 की शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं. वहीं उनके पति राजकुमार यादव कोऑपरेटिव बैंक में पदस्थापित बताए जा रहे हैं. घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया.
बताया जा रहा है कि वारदात के समय दंपति के दोनों बच्चे भी घर में मौजूद थे. बच्चों की उम्र करीब 4 साल और 9 साल है. गोली चलने के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति घर से फरार हो गया. परिजन और आसपास के लोगों ने आनन-फानन में घायल शालिनी को इलाज के लिए जीएमसीएच पहुंचाया
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. खजांची हाट थाना प्रभारी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद हुआ था. इसी विवाद के दौरान पति ने पत्नी को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
