लाइव सिटीज, सीवान: बिहार के मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार 16 जून को सम्राट चौधरी सीवान पहुंचेंगे. सीवान में जिलेवासियों को विकास की बड़ी सौगात देंगे. मुख्यमंत्री अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान 415 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 44 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक महकमे से लेकर राजनीतिक गलियारों तक उत्साह और हलचल तेज हो गई है.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 16 जून को पचरुखी प्रखंड के पपौर पंचायत पहुंचेंगे. मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला सीवान दौरा होगा, जिसे लेकर जिले में विशेष तैयारियां की जा रही हैं. प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक सभी कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हैं.
जिला प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री 178.38 करोड़ रुपये की 18 नई योजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जबकि 236.80 करोड़ रुपये की 26 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे. इस प्रकार कुल 415.18 करोड़ रुपये की 44 योजनाओं की सौगात सीवान को मिलने जा रही है.
मुख्यमंत्री जिन विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण करेंगे उनमें जीविका, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, पंचायती राज विभाग, शिक्षा विभाग, ऊर्जा विभाग, परिवहन विभाग, समाज कल्याण विभाग, उद्योग केंद्र, खेल विभाग, वन विभाग, सहकारिता विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग सहित कुल 20 विभाग शामिल हैं.
