लाइव सिटीज, पटना: बिहार कैबिनेट की बैठक आज शाम 5 बजे होगी. बांकीपुर उपचुनाव का रिजल्ट घोषित किए जाने के बाद पहली बार बिहार कैबिनेट की बैठक होगी. इस बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे. इस बैठक में दोनों डिप्टी सीएम विजेंद्र यादव और विजय चौधरी के अलावा अन्य विभागों के मंत्री अधिकारी मौजूद रहेंगे.
मंत्रिमंडल सचिवालय में होने वाली कैबिनेट की बैठक राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों लिहाज से अहम मानी जा रही है. इस दौरान कई विभागों से जुड़े अहम एजेंडों पर मुहर लगाई जा सकती है. कई विभागों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जा सकती है. बैठक खत्म होने के बाद प्रेस ब्रीफिंग के दौरान जानकारी दी जाएगी.
बैठक में अलग-अलग विभागों में नई भर्तियों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं. राज्य सरकार ने साल 2030 तक 1 करोड़ युवाओं को रोजगार और नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया है. ऐसे में संभावना है कि कई विभागों में नई बहाली का रास्ता साफ हो सकता है. सिर्फ रोजगार ही नहीं, महिलाओं, विधवाओं और बुजुर्गों के लिए भी नई कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा होने की उम्मीद है.
