लाइव सिटीज, पटना: बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव समाप्त होने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर ने उत्तर पूर्व दिल्ली से भाजपा सांसद और भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी के आरोपों का कड़ा जवाब दिया है।
एक इंटरव्यू के दौरान प्रशांत किशोर ने मनोज तिवारी पर चुनावी फायदे के लिए एक पीड़ित परिवार की संवेदनाओं का इस्तेमाल करने का गंभीर आरोप लगाया। पीके ने कहा कि मनोज तिवारी की ऐसी राजनीति से जनता में भारी नाराजगी है और बांकीपुर में उनके प्रचार करने से भाजपा को नुकसान ही उठाना पड़ा है।
प्रशांत किशोर ने भाजपा सांसद को ‘फ्रॉड’ करार देते हुए कहा कि वह केवल चुनाव के दौरान बिहार में नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि मनोज तिवारी जैसे नेता पूरे साल गायब रहते हैं और चुनाव आते ही ‘बरसाती मेंढक’ की तरह राज्य में आकर बयानबाजी शुरू कर देते हैं। पीके के अनुसार, बिहार की जनता अब इस तरह की दिखावटी राजनीति को पूरी तरह समझ चुकी है।
पीके ने कहा कि अगर मनोज तिवारी में वाकई हिम्मत है और वे खुद को सच्चा जननेता मानते हैं, तो वे भरत तिवारी के पीड़ित परिवार को वास्तविक न्याय दिलाकर दिखाएं। प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि अगर सांसद न्याय नहीं दिला सकते, तो उन्हें कसम खानी चाहिए कि वे भविष्य में बिहार आकर ऐसी गंदी राजनीति कभी नहीं करेंगे।
