लाइव सिटीज, पटना: बिहार में मौसम का मिजाज इन दिनों बिगड़ा हुआ है. कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है. इस बीच मौसम विभाग ने आज पूरे बिहार में अलर्ट जारी किया है. राज्य के ज्यादातर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. जबकि कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट है. इन जिलों में आज दिनभर मौसम बिगड़ा हुआ रह सकता है.
मौसम विभाग की माने तो, पूर्वी चंपारण, वैशाली, समस्तीपुर, अररिया, किशनगंज, कटिहार, सीवान, सारण, भोजपुर और बक्सर में भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है. मौसम में बदलाव से लोगों को उमस वाली गर्मी से काफी हद तक राहत मिल गई है. ऐसे मौसम के दौरान लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक कुछ इसी तरह का मौसम बना रह सकता है. रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहेगा. हल्की से लेकर मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है. कुछ जिलों में ज्यादा तो कुछ जिलों में कम प्रभाव रह सकता है. 5 और 6 अगस्त को भी उत्तर और दक्षिण बिहार के कई जिलों में दिनभर मौसम बिगड़े रहने की संभावना जताई गई है.
