लाइव सिटीज, औरंगाबाद: औरंगाबाद में बिहार बंद के दौरान शहर के रमेश चौक पर अचानक हालात बिगड़ गए. प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव हो गया. समाहरणालय की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की, जिसके बाद भीड़ उग्र हो गई और पथराव शुरू कर दिया.
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर ईंट और नारियल के डाब से हमला किया, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. मौके पर कवरेज कर रहे कुछ पत्रकार भी पथराव की चपेट में आकर जख्मी हो गए. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.
उग्र भीड़ ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया. पथराव के बाद रमेश चौक पर चारों तरफ ईंट-पत्थर बिखरे पड़े दिखाई दिए. घटना के बाद प्रदर्शनकारी मौके से तितर-बितर हो गए, लेकिन इलाके में तनाव बना हुआ है.
