लाइव सिटीज, पटना: पीएम नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील का असर अब बिहार में भी साफ दिखाई देने लगा है. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने घर से पैदल ही मुख्यमंत्री सचिवालय पहुंचे. मुख्यमंत्री को पैदल ऑफिस जाते देख लोगों के बीच इसकी काफी चर्चा हो रही है.
दरअसल, कुछ दिन पहले सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर बताया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईंधन की खपत कम करने की अपील की है. इसके बाद बिहार सरकार ने भी कई अहम फैसले लिए हैं. सरकार ने मुख्यमंत्री के काफिले में गाड़ियों की संख्या कम करने का फैसला किया है.
साथ ही मंत्रियों, बोर्ड और निगमों के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से भी कार्यक्रमों में कम गाड़ियों के इस्तेमाल की अपील की गई है. लोगों से मेट्रो, बस, ऑटो और दूसरे सार्वजनिक वाहनों का ज्यादा इस्तेमाल करने को कहा गया है.
