लाइव सिटीज, पटना: बिहार की सम्राट सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए कई IAS अधिकारियों का तबादला और नई नियुक्तियां की हैं. राज्य सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक कई अहम विभागों में नए सचिव और अपर मुख्य सचिव नियुक्त किए गए हैं. शिक्षा विभाग से लेकर पथ निर्माण, सूचना प्रौद्योगिकी, श्रम संसाधन और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग तक बड़े बदलाव किए गए हैं.
बिहार सरकार ने शिक्षा विभाग में सबसे बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है. विनोद सिंह गुंजियाल को शिक्षा विभाग का नया सचिव बनाया गया है. वहीं, अपर मुख्य सचिव बी. राजेंद्र को शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है.
बता दें, बिहार के शिक्षक हाल के दिनों कई बार शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव बी राजेंद्र का विरोध कर रहे थे. ऐसे में सम्राट सरकार के इस तबादले को शिक्षकों की मांग से भी जोड़कर देखा जा रहा है. शिक्षा विभाग में यह बदलाव काफी अहम माना जा रहा है
सरकार ने पंकज पाल को पथ निर्माण विभाग का सचिव नियुक्त किया है. वहीं, अभय कुमार सिंह को सूचना प्रावैधिकी विभाग का सचिव बनाया गया है. प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक इन विभागों में कई बड़ी परियोजनाओं पर काम चल रहा है, ऐसे में नए अधिकारियों की नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
दीपक आनंद को खाद्य उपभोक्ता विभाग का सचिव बनाया गया है. वहीं, हिमांशु शर्मा को विज्ञान एवं प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है. सरकार का फोकस अब तकनीकी शिक्षा और डिजिटल प्रशासन को मजबूत करने पर भी माना जा रहा है.
सरकार ने वरिष्ठ अधिकारी के. सेंथिल कुमार को श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया है.प्रेम सिंह मीना, जो वर्तमान में मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त हैं, उन्हें अगले आदेश तक भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है. वहीं, राजेश कुमार को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है.
