लाइव सिटीज, पटना: पटना नगर निगम की महापौर श्रीमती सीता साहू ने मंगलवार को बिहार के माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने राजधानी पटना के समग्र शहरी विकास, आधारभूत संरचना के विस्तार तथा नगर निगम द्वारा संचालित विभिन्न महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
भेंट के दौरान महापौर श्रीमती साहू ने पटना नगर निगम द्वारा प्रस्तावित म्यूनिसिपल बॉन्ड के माध्यम से संसाधन जुटाने की पहल, आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉल एवं अन्य वाणिज्यिक भवनों के निर्माण, राजस्व सुदृढ़ीकरण, शहरी आधारभूत संरचना के विकास तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार से संबंधित योजनाओं की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। इसके साथ ही उन्होंने नगर निगम द्वारा स्वच्छता, जनसुविधाओं के उन्नयन, राजस्व वृद्धि तथा प्रशासनिक सुधारों के क्षेत्र में हासिल की गई उपलब्धियों से भी उन्हें अवगत कराया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना नगर निगम की विकासोन्मुखी पहलों की सराहना करते हुए राज्य सरकार की ओर से सभी आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने नगर निगम द्वारा संचालित जनकल्याण एवं विकासपरक परियोजनाओं को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने पर बल देते हुए कहा कि राज्य सरकार राजधानी पटना को एक आधुनिक एवं विश्वस्तरीय शहर के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
