लाइव सिटीज, पटना: पटना के मसौढ़ी मुठभेड़ में पुलिस ने बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात जवाबी कार्रवाई में अपराधी मोहम्मत हैदर को गोली लगी थी, जिसमें वो घायल हो गया था. उसे पटना के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पूर्वी सिटी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि यह घटना ऐप पर मोबाइल खरीद-बिक्री के बहाने युवक को अगवा कर लूटने की थी. कुछ युवक एक व्यक्ति को मणिचक गांव के पास ले गए और उसका मोबाइल व नकदी लूटने का प्रयास कर रहे थे. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची.
मुठभेड़ के दौरान अपराधियों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की. इसमें मसौढ़ी थाना के अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार के जांघ में और एएसआई संजय कुमार के हाथ में गोली लगी. दोनों का इलाज एम्स पटना में चल रहा है और वे फिलहाल खतरे से बाहर हैं.
