लाइव सिटीज, पटना: बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के लिए आज सोमवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जदयू के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की।
नीतीश कुमार सबसे पहले जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पहुंचे। वहां कुछ देर बातचीत करने के बाद वे सीधे उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी के आवास पहुंचे। विधान परिषद चुनाव से ठीक पहले हुई इन मुलाकातों को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वहीं, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने एनडीए में तालमेल को लेकर उठ रहे सवालों पर कहा कि गठबंधन में कहीं कोई दिक्कत नहीं है। विपक्ष केवल भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है। जनता के आशीर्वाद से एनडीए सरकार बनी है और सभी सहयोगी दल पूरी मजबूती के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि आने वाले 5 वर्षों में बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। सभी योजनाओं की तैयारी पूरी है, अब सिर्फ तेजी से काम करने की जरूरत है।
एमएलसी चुनाव और राजनीतिक समीकरणों को लेकर पूछे गए सवाल पर संजय झा ने कहा कि वह रिकॉर्ड स्पष्ट करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में एनडीए के साथ मिलकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को नई पहचान दिलाई है।संजय झा ने कहा कि आज देशभर में बिहार और बिहारियों का सम्मान बढ़ा है। 14 करोड़ बिहारवासियों का सिर ऊंचा करने का काम नीतीश कुमार ने किया है। उनका पूरा ध्यान काम और विकास पर रहता है।
