लाइव सिटीज, पटना: बिहार के जमुई जिले में एक नाबालिग छात्रा और उसके दोस्त के साथ सरेआम छेड़छाड़ और बदसलूकी का वीडियो वायरल होने के बाद राज्य में राजनीतिक घमासान मच गया है। मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने NDA सरकार पर तीखा हमला बोला है। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव और उनकी बहन रोहिणी आचार्य ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को पूरी तरह ध्वस्त बताया है। तेजस्वी यादव ने प्रदेश को अराजकता के मुहाने पर बताते हुए राज्य की मौजूदा प्रशासनिक स्थिति के लिए सीधे तौर पर प्रधानमंत्री को जिम्मेदार ठहराया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने लिखा कि बिहार में अराजकता का माहौल बन गया है और कोई भी छात्रा या महिला कहीं भी या किसी भी समय सुरक्षित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि गुंडे और अपराधी अब दिनदहाड़े स्कूलों, कॉलेजों और घरों में घुसकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए के शासन में महिलाओं, छात्राओं, गरीबों और दलितों पर अत्याचारों में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की गई है।
केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि चुनाव के दौरान महिलाओं को लुभावने वादे और आर्थिक मदद की घोषणाएं करने वाले प्रधानमंत्री आज ऐसी गंभीर घटनाओं पर पूरी तरह ‘मौनी बाबा’ बन चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के बाद बिहार की बागडोर नौसिखिए हाथों में सौंप दी गई है और राज्य के मौजूदा संकटपूर्ण हालात के अकेले जिम्मेदार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं।
