लाइव सिटीज, पटना: जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने बुधवार को दिल्ली में पार्टी के सांसदों के साथ बैठक की है। सामने आई जानकारी के अनुसार, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा के सांसद नीतीश कुमार ने जदयू के सांसदों से कहा है कि वे बिहार से जुड़े मुद्दों को संसद में प्रभावी ढंग से उठाने का काम करें। बैठक के दौरान नीतीश कुमार ने बिहार के विकास, जनहित से जुड़े विषयों तथा वर्तमान में जारी राजनीति के मुद्दों पर भी चर्चा की है।
मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली में हुई इस बैठक के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सांसदों से आह्वान किया कि वे बिहार के हितों और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को देश की संसद में प्रभावी ढंग से उठाए और बिहार की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करें।
दिल्ली में हुई इस बैठक को लेकर जदयू ने भी सोशल मीडिया पर अपडेट जारी किया है। पार्टी ने कहा- “जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं माननीय राज्यसभा सांसद, नीतीश कुमार से आज नई दिल्ली में जद (यू) के सांसदगणों ने शिष्टाचार भेंट की और उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा, डॉ. आलोक कुमार सुमन, कौशलेन्द्र कुमार, देवेश चंद्र ठाकुर, विजयलक्ष्मी देवी, रामप्रीत मंडल, दिलेश्वर कामैत, सुनील कुमार एवं बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन सर्राफ आदि इस मौके पर उपस्थित रहे।”
