लाइव सिटीज, पटना: पश्चिम चंपारण के बगहा से निशांत कुमार सद्भाव यात्रा की शुरुआत करेंगे. इसके लिए वे पटना से रवाना हो चुके हैं. निश्चय रथ पर सवार होकर निशांत कुमार बगहा के लिए निकले. लेकिन इससे पहले उन्होंने अपने पिता नीतीश कुमार के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया. इस दौरान जेडीयू ऑफिस के बाहर जेडीयू नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ दिखी.
निशांत यात्रा पर निकलने से पहले जेडीयू ऑफिस पहुंचे थे. इस दौरान मौजूद कार्यकर्ताओं ने जमकर नारे लगाए. यात्रा की शुरुआत से पहले निशांत कुमार ने कहा, आज से मेरी यात्रा की शुरुआत हो रही है. यह मेरी पहली राजनीतिक यात्रा है. महात्मा गांधी ने भी अपनी सत्याग्रह की शुरुआत चंपारण की धरती से ही शुरू की थी.
इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के छोटे-छोटे वर्कर से मैं संवाद करूंगा. मेरी कोशिश रहेगी कि मैं जनता और पार्टी के कार्यकर्ताओं की सेवा करूं. जो पिताजी ने किया है, उसे जन-जन तक पहुंचाऊं. जनता की समस्या का समाधान निकालने की कोशिश करूंगा. पिताजी से मैंने आशीर्वाद लिया है, उन्होंने मुझे आशीर्वाद दिया.
