लाइव सिटीज, पटना: बिहार में 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा के आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर ने बताया कि राज्य के 35 जिलों में कुल 331 परीक्षा केंद्रों पर NEET-2026 आयोजित होगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक एवं सुरक्षा तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
मुख्यमंत्री ने परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बड़ा निर्णय लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि बिहार राज्य की सभी सरकारी बसों में नीट परीक्षार्थियों को परीक्षा के दिन निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए परिवहन विभाग को समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रश्न पत्रों की सुरक्षा, परीक्षा केंद्रों की निगरानी और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार की सूचना मिलने पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए।
